बाघमारा: बाघमारा के बरोरा पंचायत अंतर्गत मंडलकेदुआडीह गांव में बीसीसीएल बरोरा एरिया-01 के तहत एएमपी कोलियरी द्वारा ब्लास्टिंग के लिए ड्रिल मशीन लगाए जाने का ग्रामीणों ने जोरदार विरोध किया।
ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर ड्रिल मशीन का काम रुकवा दिया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों के विरोध की सूचना मिलते ही बरोरा क्षेत्र के महाप्रबंधक के.के. सिंह और पीओ टी.एस. चौहान अन्य अधिकारियों तथा सीआईएसएफ बल के साथ मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों का आरोप है कि डीजीएमएस के खनन मानकों का उल्लंघन करते हुए बीसीसीएल प्रबंधन बंदूक के बल पर गांव से चंद मीटर की दूरी पर ब्लास्टिंग कर रहा है, जिससे जान-माल का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों ने एक आरटीआई पत्र का हवाला देते हुए कहा कि बीसीसीएल प्रबंधन बार-बार उन्हें घर खाली करने का दबाव बना रहा है और गांव को उजाड़ना चाहता है, जबकि नियमानुसार ग्रामीणों का उचित विस्थापन और पुनर्वास किया जाना चाहिए।
इस दौरान ग्रामीणों ने बीसीसीएल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उचित विस्थापन व रोजगार की मांग को बुलंद किया।
पूरे मामले में मौके पर मौजूद बीसीसीएल अधिकारी सवालों पर चुप्पी साधे नजर आए।






















