ढांगी पहाड़ी की तलहटी से मिला था युवती का सिर कटा शव
Baliapur Headless Girl Murder Case, धनबाद: बलियापुर थाना क्षेत्र के ढांगी पहाड़ी की तलहटी से मिले सिर कटे युवती के शव मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल सात आरोपियों में से चार को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार समेत मृतका की चप्पल, पूजा सामग्री और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। धनबाद के सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने रविवार को मामले की जानकारी देते हुए बताया कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
Highlights:
9 सितंबर से लापता थी युवती, 11 सितंबर को मिला शव
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर को बलियापुर थाना प्रभारी को सूचना मिली थी कि ढांगी पहाड़ी की तलहटी के पास एक युवती का सिर कटा शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान युवती का सिर कटा शव बरामद हुआ। वहीं, कुछ दूरी पर एक बोरे में उसका सिर भी मिला। मौके पर पहुंचे संदीप रवानी ने शव की पहचान अपनी बेटी के रूप में की। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी 9 सितंबर से लापता थी। इसकी जानकारी उन्हें उनके दामाद कृष रवानी ने फोन के माध्यम से दी थी। इसके बाद मृतका के पिता के लिखित आवेदन पर बलियापुर थाना में हत्या और साक्ष्य छिपाने समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से पुलिस आरोपियों तक पहुंची
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर सिंदरी एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम गठित की गई। पुलिस ने जांच के दौरान CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली। पुलिस के अनुसार, जांच के आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में राजगंज थाना क्षेत्र के डोमनपुर निवासी जयराम रवानी, बलियापुर के प्रधानखंता निवासी किशोर महतो, करमाटांड़ निवासी आलोमनी देवी और राम प्रसाद रजवार शामिल हैं। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता की बात स्वीकार की है। हालांकि, मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच अभी जारी है।
प्रेम विवाह से नाराजगी को बताया जा रहा हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि संतोष रवानी के बेटे कृष रवानी ने मृतका से प्रेम विवाह किया था। बताया जा रहा है कि यह विवाह कृष के पिता संतोष रवानी को पसंद नहीं था। पुलिस का आरोप है कि इसी नाराजगी के कारण युवती को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से उसकी हत्या की गई और शव की पहचान छिपाने तथा साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया गया। हालांकि, पुलिस अभी मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी जारी है।
यह भी पढ़ें: प्रिंस खान का भाई बंटी खान कोलकाता से गिरफ्तार, दुबई भागने से पहले पुलिस ने दबोचा
हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार समेत कई सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, बरामद छुरे की लंबाई करीब दो बित्ता सात अंगुल है। इसके अलावा मृतका की चप्पल, पूजा सामग्री और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। बरामद सामान और तकनीकी साक्ष्यों की जांच के आधार पर पुलिस मामले की आगे की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। पुलिस के अनुसार, मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।





















