बाघमारा: बाघमारा कॉलेज परिसर में आज डीएमएफटी फंड योजना के तहत बनने वाले चार कमरों के नए भवन का शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में बाघमारा विधायक शत्रुध्न महतो और गिरिडीह सांसद प्रतिनिधि सुभाष रवानी ने संयुक्त रूप से शिलान्यास किया।
इस अवसर पर कॉलेज परिसर में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें कॉलेज के प्राचार्य, शिक्षकगण, कर्मी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कॉलेज प्राचार्य ने भवन निर्माण के लिए सहयोग देने पर विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया।
वहीं विधायक शत्रुध्न महतो ने कहा कि डीएमएफटी फंड से 72 लाख रुपये की लागत से कॉलेज परिसर में चार कमरों का भवन निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं की संख्या बढ़ने के कारण कक्षाओं की कमी महसूस की जा रही थी, जिसकी जानकारी कॉलेज प्रबंधन द्वारा दी गई थी।
विधायक ने कहा कि शिक्षण संस्थानों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करना उनकी प्राथमिकता है और भविष्य में भी कॉलेज प्रबंधन की ओर से जो भी आवश्यक मांगें रखी जाएंगी, उन्हें पूरा किया जाएगा।






















