रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ और हजारीबाग जिले में हुई एक दर्दनाक घटना ने अब राजनीतिक रूप ले लिया है। विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र में 24 मार्च को एक 12 वर्षीय लड़की की मौत के बाद मामला गरमा गया है।
घटना के बाद भाजपा ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला और आंदोलन की चेतावनी दी। हजारीबाग बंद का आयोजन किया गया, वहीं इस मुद्दे को लेकर झारखंड बंद का भी आह्वान किया गया।
लेकिन मामले में नया मोड़ तब आया जब जांच के दौरान एक भाजपा नेता का नाम सामने आया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
इस घटनाक्रम के बाद सत्तारूढ़ दल झारखंड मुक्ति मोर्चा ने भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार शाम JMM कार्यकर्ताओं ने कई स्थानों पर विरोध प्रदर्शन किया।
हजारीबाग में गांधी चौक से सुभाष चौक तक विरोध मार्च निकाला गया, जहां कार्यकर्ताओं ने हजारीबाग के सांसद और मांडू विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इस घटना के बाद झारखंड की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है, और आने वाले दिनों में यह मुद्दा और गरमाने के संकेत मिल रहे हैं।





















