निरसा: निरसा प्रखंड अंतर्गत सोनबाद पंचायत के कोडाडंगाल गांव में शनिवार को पूरा माहौल बजरंगमय हो गया। बजरंगबली मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा समारोह के तहत सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
कार्यक्रम की शुरुआत 201 कलशों की भव्य यात्रा से हुई। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाएं एवं बच्चियां सिर पर कलश लेकर गांव के मुख्य मार्गों से होते हुए निकलीं। हाथों में भगवा ध्वज और मुख पर “जय श्री राम जय बजरंगबली” के जयकारे से पूरा इलाका भक्तिमय हो उठा। बैंड-बाजे और ढोल-नगाड़ों की धुन पर श्रद्धालु झूमते गाते नजर आए।
कलश यात्रा के बाद एक दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें हवन-पूजन और मंत्रोच्चार के साथ बजरंगबली की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई गई।
भक्ति के इस माहौल को और पावन बनाने के लिए दोपहर 1 बजे से विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ कमाया।






















