धनबाद:धनबाद पुलिस को अवैध शराब तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।
पूर्वी टुंडी थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है और एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
कल दोपहर करीब 2:30 बजे बड़बाद जंगल मुख्य सड़क के पास पुलिस वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी।
इसी दौरान गोविंदपुर की तरफ से आ रहे एक ऑटो रिक्शा को पुलिस ने रुकने का इशारा किया।
पुलिस को देखते ही चालक वाहन छोड़कर भागने लगा, लेकिन मौके पर मौजूद जवानों ने पीछा कर उसे दबोच लिया।
जब पुलिस ने ऑटो की तलाशी ली, तो सीट के नीचे बेहद शातिर तरीके से छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह शराब को बिहार ले जाकर बेचने वाला था।
इस मामले की जानकारी प्रेस वार्ता में मोहम्मद नजीर अख्तर ने दी।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है।





















