Guwahati Murder Case: असम के गुवाहाटी में एक महिला की हत्या के मामले ने सनसनी फैला दी है। पुलिस के अनुसार, वशिष्ठपुर इलाके में स्थित एक अपार्टमेंट से महिला का शव बरामद किया गया। शुरुआती जांच में मृतका की पहचान रिया के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि सोमवार, 7 सितंबर को फ्लैट के फ्रिज से महिला का कटा हुआ सिर बरामद किया गया। मामले में मृतका के पति रामानुजन गोस्वामी को मुख्य आरोपी बताया गया है।
Highlights:
पति ने पुलिस के सामने किया सरेंडर
गुवाहाटी पुलिस कमिश्नरेट के एडीसीपी (ईस्ट) अनुराग शर्मा के अनुसार, मृतका का पति रामानुजन गोस्वामी इस मामले का मुख्य आरोपी है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है और कथित तौर पर अपराध स्वीकार किया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर हत्या के कारणों और पूरी घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
पड़ोसियों को बदबू आने के बाद खुला मामला
जानकारी के अनुसार, फ्लैट से तेज दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने अधिकारियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और रविवार रात अपार्टमेंट से शव बरामद किया। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, घटना शव मिलने से करीब 24 से 48 घंटे पहले हुई हो सकती है। हालांकि, हत्या का सही समय और अन्य परिस्थितियों की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी।
फ्रिज से बरामद हुआ कटा सिर, हथियार भी जब्त
पुलिस के अनुसार, महिला के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। जांच के दौरान महिला का सिर फ्रिज के अंदर एक पॉलिथीन बैग में रखा हुआ बरामद किया गया। पुलिस ने घटनास्थल से एक हथियार भी जब्त किया है, जिसके हत्या में इस्तेमाल होने की आशंका जताई जा रही है। बरामद साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: Delhi Building Collapse: सत्य निकेतन हादसे में 7 की मौत, मालिक के खिलाफ लुक आउट नोटिस
छह महीने पहले हुई थी दोनों की शादी
समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, रिया और रामानुजन की शादी करीब छह महीने पहले हुई थी। दोनों गुवाहाटी के इस फ्लैट में साथ रह रहे थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (GMCH) भेज दिया है। जांच एजेंसियां अब हत्या के पीछे के कारणों और घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही हैं।






















