सारण शिक्षक चुनाव: प्रचार के आखिरी दिन प्रत्याशियों ने झोंकी ताकत
Saran Teacher MLC Election: सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन सभी प्रत्याशियों ने शिक्षक मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए पूरी ताकत लगा दी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 22 अक्टूबर को शाम 5 बजे प्रचार समाप्त होना था, जबकि मतदान 23 अक्टूबर और मतगणना 27 अक्टूबर को निर्धारित है। इस चुनाव में सारण, सीवान, गोपालगंज, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण जिले शामिल हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, कुल 10,824 शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। अकेले सारण जिले में 3,428 शिक्षक मतदाता हैं। सभी प्रखंडों में मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
Highlights:
आनंद पुष्कर ने शिक्षकों से प्रथम वरीयता का वोट मांगा

सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए उम्मीदवार इंजीनियर आनंद पुष्कर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर शिक्षकों से प्रथम वरीयता का मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि उनके पिता स्वर्गीय केदारनाथ पांडे ने करीब 20 वर्षों तक शिक्षकों के हितों की लड़ाई लड़ी और वे उनके अधूरे कार्यों को पूरा करना चाहते हैं। गौरतलब है कि केदारनाथ पांडे लंबे समय तक सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस में जदयू के जिला अध्यक्ष बैजनाथ प्रसाद विकल, भाजपा के जिला अध्यक्ष रंजीत सिंह मांझी और जदयू विधायक व चुनाव प्रभारी रणधीर सिंह समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।
निर्दलीय प्रत्याशी राहुल राज ने भी तेज किया प्रचार
रिविलगंज के प्रखंड प्रमुख और भाजपा नेता राहुल राज इस चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में हैं। टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला किया और लगातार जनसंपर्क कर रहे हैं। राहुल राज का दावा है कि वे सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मजबूत प्रत्याशी हैं और चुनाव में जीत दर्ज करेंगे। भाजपा ने उन्हें पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। इसके बावजूद वे अपने चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं।
मैदान में अन्य प्रत्याशी भी, मुकाबला हुआ दिलचस्प
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में आनंद पुष्कर और राहुल राज के अलावा जन सुराज के प्रत्याशी अफाक आलम, रामेंद्र सिंह और राजद के जय राम यादव भी मैदान में हैं। राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रत्याशी राम पुकार सिंह ने आनंद पुष्कर के समर्थन में अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली है। ऐसे में चुनाव में प्रमुख उम्मीदवारों के बीच मुकाबला दिलचस्प माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें: Begusarai News: महिला डांसर से कथित मारपीट के बाद हंगामा, बेगूसराय में पुलिस पदाधिकारी पर गंभीर आरोप
23 अक्टूबर को मतदान, 27 अक्टूबर को मतगणना
चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद अब सभी प्रत्याशियों की नजर मतदान पर है। पांच जिलों के 10,824 शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। सारण जिले में 3,428 शिक्षक मतदाता हैं। मतदान 23 अक्टूबर को होना है और मतगणना 27 अक्टूबर को निर्धारित है। चुनाव परिणाम के बाद ही स्पष्ट होगा कि सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से कौन उम्मीदवार विधान परिषद पहुंचेगा।






















