पंडाल सज रहे, लेकिन रास्तों ने बढ़ाई चिंता
Dhanbad Durga Puja 2026, धनबाद: दुर्गा पूजा को लेकर धनबाद में तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। शहर और आसपास के इलाकों में करीब 200 स्थानों पर पूजा आयोजन की तैयारी चल रही है। पंडालों को अंतिम रूप दिया जा रहा है और श्रद्धालुओं की आवाजाही भी जल्द बढ़ने वाली है। इसी बीच नगर निगम की ओर से कराए गए सर्वे में कई पूजा पंडालों तक पहुंचने वाले रास्तों की स्थिति चिंता का कारण बनी है। रिपोर्ट में 50 से अधिक पूजा पंडालों की संपर्क सड़कों पर गड्ढे और जलजमाव जैसी समस्याएं सामने आई हैं।
Highlights:
किन इलाकों की सड़कें ज्यादा खराब मिलीं?
नगर निगम की सर्वे रिपोर्ट के अनुसार शहर की प्रमुख सड़कों की स्थिति कई जगह अपेक्षाकृत बेहतर है, लेकिन अंदरूनी इलाकों को जोड़ने वाली संपर्क सड़कों पर परेशानी ज्यादा है। पॉलिटेक्निक रोड, झारखंडी, चानुडीह, मंडल बस्ती, ठाकुरकुल्ही, बारामुड़ी और लाबर्नी बेरा में पंडालों तक जाने वाले रास्तों पर गड्ढे पाए गए हैं। इसके अलावा भूली के अलग-अलग ब्लॉक, झरिया, कतरास और सिंदरी क्षेत्र में भी कई पूजा पंडालों तक पहुंचने वाले रास्तों की स्थिति खराब बताई गई है। बारिश के बाद इन जगहों पर गड्ढों में पानी भरने से स्थिति और मुश्किल हो गई है। दोपहिया वाहनों के साथ ऑटो और छोटे वाहनों को भी आवागमन में परेशानी हो रही है।
पूजा के दौरान बढ़ेगी वाहनों और श्रद्धालुओं की आवाजाही
दुर्गा पूजा के दौरान धनबाद के पंडालों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। सिर्फ शहर ही नहीं, आसपास के जिलों से भी लोग पूजा पंडाल देखने आते हैं। ऐसे में खराब संपर्क सड़कों पर अचानक बढ़ने वाला ट्रैफिक परेशानी बढ़ा सकता है। खासकर जलजमाव वाले हिस्सों में वाहन चालकों और पैदल आने-जाने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ सकती है। नगर निगम के सर्वे का उद्देश्य भी इन्हीं समस्याग्रस्त रास्तों की पहचान कर पूजा से पहले आवश्यक मरम्मत कराना बताया गया है।
इंजीनियरों ने मौके पर जाकर किया निरीक्षण
नगर आयुक्त के निर्देश के बाद नगर निगम की अभियंत्रण शाखा के कनीय अभियंताओं को पूजा पंडालों तक जाने वाली संपर्क सड़कों का निरीक्षण करने की जिम्मेदारी दी गई थी। अभियंताओं ने अलग-अलग इलाकों में जाकर सड़कों की स्थिति का जायजा लिया और अपनी रिपोर्ट नगर निगम प्रशासन को सौंप दी है। अब इसी रिपोर्ट के आधार पर मरम्मत और गड्ढों की भराई का काम कराने की तैयारी है। नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने खस्ताहाल सड़कों की मरम्मत के निर्देश दिए हैं। उनका कहना है कि पूजा से पहले संबंधित सड़कों को दुरुस्त करने का प्रयास किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: Gopalganj Flood: नेपाल की मूसलाधार बारिश से गंडक उफान पर, गोपालगंज के कई प्रखंड बाढ़ की चपेट में
गया पुल की सड़क भी बनी बड़ी चुनौती
धनबाद में पूजा के दौरान गया पुल की सड़क भी महत्वपूर्ण मार्गों में शामिल है। लंबे समय से इस सड़क पर गड्ढों की समस्या बनी हुई है। इसके कारण वाहनों की गति प्रभावित होती है और ट्रैफिक दबाव बढ़ने पर आवागमन में परेशानी हो सकती है। सड़क के बार-बार खराब होने की एक वजह नाले का पानी बताया जा रहा है। पथ निर्माण विभाग के अनुसार सड़क पर लगातार पानी बहने से मरम्मत का काम लंबे समय तक टिक नहीं पाता। गड्ढों की भराई के बाद कुछ समय में सड़क दोबारा खराब होने की समस्या सामने आती है।
पूजा से पहले गड्ढों की भराई की तैयारी
पथ निर्माण विभाग के अनुसार सरायढेला के पास बलियापुर बाईपास रोड की मरम्मत के लिए टेंडर हो चुका है। अन्य प्रमुख सड़कों की मरम्मत के लिए भी निविदा जारी की गई है, लेकिन पर्याप्त संख्या में संवेदकों के आगे नहीं आने से काम में देरी की स्थिति बनी हुई है। विभाग का कहना है कि जिन जगहों पर तत्काल मरम्मत जरूरी है, वहां स्थानीय स्तर पर गड्ढों की भराई कराई जाएगी। दुर्गा पूजा शुरू होने से पहले सड़कों को यातायात के लिहाज से बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। अब नगर निगम और पथ निर्माण विभाग के सामने चुनौती यही है कि पूजा शुरू होने से पहले चिन्हित सड़कों की मरम्मत कितनी तेजी से पूरी होती है। क्योंकि पंडालों की सजावट के साथ श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने पर इन रास्तों की स्थिति सीधे आवागमन को प्रभावित कर सकती है।






















