Rajganj Service Center Theft:धनबाद जिले के राजगंज थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। चाली बांग्ला के पास स्थित सुजाता हीरो होंडा सर्विस सेंटर को चोरों ने निशाना बनाया। सोमवार की रात हुई इस घटना में इंजन ऑयल, रेंच और वाहनों के कई कीमती पार्ट्स चोरी कर लिए गए। दुकानदार के अनुसार, चोरी गए सामान की कीमत करीब 40 से 50 हजार रुपये है।
Highlights:
दुकान का चदरा उखाड़कर अंदर घुसे चोर

पीड़ित दुकानदार कोकिल रवानी हेठ ओकरा बस्ती के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार दोपहर दुकान बंद करने के बाद शाम को दोबारा वहां पहुंचे थे। दुकान के आसपास जांच करने के बाद वह घर चले गए। मंगलवार सुबह जब दुकान खोलने पहुंचे, तो बाहर लगा लोहे का चदरा उखड़ा हुआ मिला।
तीन पेटी मोबिल समेत कीमती सामान गायब

दुकान खोलकर अंदर जांच करने पर कई सामान गायब मिले। दुकानदार के मुताबिक, चोर तीन पेटी मोबिल यानी इंजन ऑयल, रेंच और गाड़ियों के अन्य कीमती पार्ट्स ले गए। उन्होंने चोरी से करीब 40 से 50 हजार रुपये के नुकसान का अनुमान जताया है।
लगातार चोरी की घटनाओं से दुकानदारों में चिंता
राजगंज क्षेत्र में इससे पहले लाल बाजार और डोमनपुर में भी चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही घटनाओं से स्थानीय दुकानदारों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। दुकानदारों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत जताई है।
सूचना मिलने पर जांच में जुटी राजगंज पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद राजगंज पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने पीड़ित दुकानदार से लिखित आवेदन देने को कहा है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग
सर्विस सेंटर में चोरी की घटना के बाद स्थानीय कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है। दुकानदारों को आशंका है कि लगातार ऐसी घटनाएं होने से कारोबार प्रभावित हो सकता है। अब पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई पर लोगों की नजर है।






















