Nisha Bhagat Case, रांची: आदिवासी सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत की मौत के मामले में अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) जांच करेगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। निशा भगत की मौत के बाद से ही उनके परिजन और विभिन्न सामाजिक संगठन मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे थे। अब मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद इस मामले में केंद्रीय एजेंसी से जांच कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है।
Highlights:
परिजन लगातार कर रहे थे CBI जांच की मांग
निशा भगत की मौत के बाद उनके परिजनों ने घटना के पीछे साजिश की आशंका जताई थी। परिवार की मांग थी कि मामले की निष्पक्ष और गहराई से जांच हो, ताकि मौत से जुड़े सभी सवालों का जवाब मिल सके। सामाजिक संगठनों ने भी इस मांग को लेकर आवाज उठाई थी। सामाजिक कार्यकर्ता एवं IRS अधिकारी निशा उरांव ने भी प्रभात खबर से बातचीत में मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की थी।
6 नवंबर को आवास पर मृत मिली थीं निशा भगत
निशा भगत 6 नवंबर को रांची के पिठोरिया थाना क्षेत्र स्थित अपने आवास पर मृत पायी गयी थीं। इससे पहले उन्होंने फेसबुक लाइव किया था, जिसमें अपनी परेशानियों और कथित प्रताड़ना को लेकर कई बातें कही थीं। उनकी मौत के बाद पिता हांदू भगत की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी। मामले में दो लोगों को नामजद किया गया है।
पुलिस ने बनाई थी SIT, थाना प्रभारी भी लाइन हाजिर
मामले की जांच के लिए पुलिस की ओर से विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई थी। इस बीच पिठोरिया थाना प्रभारी सतीष पांडेय को लाइन हाजिर कर दिया गया। अब मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद मामले की जांच सीबीआई से कराने की दिशा में कदम उठाया गया है। जांच एजेंसी की कार्रवाई के बाद ही घटना से जुड़े तथ्यों और आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
CBSE Board Exam 2027: होली के दिन भी होगा 12वीं का पेपर, क्या बदलेगी 22 मार्च की परीक्षा तारीख?
आदित्य साहू ने भाजपा के आंदोलन को बताया दबाव की वजह
निशा भगत मामले में सीबीआई जांच की अनुशंसा किए जाने पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के लगातार आंदोलन और दबाव के कारण सरकार को यह फैसला लेना पड़ा। आदित्य साहू ने कहा कि यदि भाजपा इस मामले को लेकर सड़क पर उतरकर आंदोलन नहीं करती, तो सरकार सीबीआई जांच की अनुशंसा नहीं करती।
उन्होंने कहा कि भाजपा को न्याय व्यवस्था पर भरोसा है और पार्टी को उम्मीद है कि आदिवासी बेटी को न्याय मिलेगा तथा मामले के दोषियों को सजा दिलाई जाएगी। हालांकि, मामले में आरोपों की सच्चाई और मौत से जुड़ी परिस्थितियों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।






















