धनबाद(DHANBAD):धनबाद के झरिया-बलियापुर मुख्य मार्ग पर करोड़ों की लागत से बनाई गई सड़क अब अपने ही अस्तित्व के लिए संघर्ष कर रही है। मोहरीबांध के पास सड़क धंस चुकी है, और सड़क के किनारे की ज़मीन में भी बड़ी दरारें देखी गई हैं।
इस सड़क पर हर दिन लाखों लोग और वाहन गुजरते हैं, लेकिन अब यह रास्ता एक खतरनाक ज़ोन बन चुका है, जहां कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
जानकारी के मुताबिक, इस सड़क की मरम्मत और चौड़ीकरण पर 44.49 करोड़ रुपए खर्च किए गए थे। इसका शिलान्यास झरिया की पूर्व कांग्रेस विधायक पूर्णिमा सिंह ने किया था।
लेकिन अब, सड़क की बिगड़ती हालत ने गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। भाजपा नेता श्रीराम गोराई ने आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया और लापरवाही भी बरती गई।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि इस सड़क के धंसने से कोई बड़ी अनहोनी होती है, तो इसके लिए जिम्मेदार पूर्णिमा सिंह और कांग्रेस सरकार होगी।






















