जमुआ: स्थानीय दुबे नर्सिंग होम में रविवार को मरीज मोहम्मद येयूसुफ शेख के इलाज के दौरान अस्पताल कर्मियों और परिजनों के बीच तीखा विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इलाज के दौरान नंबर को लेकर हुई कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। इस झड़प में दोनों पक्षों से दो से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही जमुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की गहन जांच जारी है।
इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि अब स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
नर्सिंग होम के संचालक डॉ. राजेश दुबे का कहना है कि घटना के पीछे रंगदारी की मांग थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग पैसे की मांग को लेकर अस्पताल में हंगामा करने आए थे और अस्वीकार करने पर हमला कर दिया। उन्होंने पुलिस से दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, जमुआ पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






















