गोमो: गोमो रेलवे स्टेशन के नेताजी सुभाष चंद्र बोस जक्शं पर एक दर्दनाक घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। फुलाईटाड़ के रहने वाले जयराम बिल्दार औरंगाबाद जाने के लिए स्टेशन पहुंचे थे। उन्होंने टिकट लिया और जैसे ही प्लेटफॉर्म तक पहुंचने के लिए रेलवे ब्रिज की खड़ी सीढ़ियां चढ़ने लगे, अचानक उनकी तबियत बिगड़ने लगीं। हालत बिगड़ते ही वे वहीं सीढ़ियों पर गिर पड़े।
आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी—जयराम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई, वहीं सूचना मिलते ही रेलवे के (GRP) मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। फिलहाल कागजी कार्रवाई की जा रही हैं और आगे की कार्रवाई जारी है।
इस हृदयविदारक घटना की जानकारी उनके बड़े बेटे समरेश बिल्दार ने दी। परिवार के अनुसार, जयराम पूरी तरह सामान्य हालत में घर से निकले थे, लेकिन स्टेशन की खड़ी और ऊंची सीढ़ियां उनके लिए जानलेवा साबित हुईं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ये सीढ़ियां खासकर बुजुर्गों और बीमार लोगों के लिए बेहद खतरनाक हैं। आए दिन यहां चढ़ने-उतरने में लोगों को भारी परेशानी होती है, लेकिन रेलवे प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है।
सवाल उठता है—क्या हर बार ऐसी घटना के बाद ही व्यवस्था जागेगी? क्या यात्रियों की सुरक्षा की कोई जिम्मेदारी नहीं?
यह हादसा एक बार फिर रेलवे की लापरवाही और सुविधाओं की कमी पर बड़ा सवाल खड़ा कर गया है।






















