Maulana Sajjad Nomani Dhanbad: देश के प्रख्यात इस्लामी विद्वान एवं चिंतक मौलाना खलीलुर्रहमान सज्जाद नोमानी ने कहा कि समाज में आपसी भाईचारा, सद्भाव और नौजवानों की सही तरबियत को बढ़ावा देना उलमाए कराम और बुद्धिजीवियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि केवल शिक्षा और डिग्रियां हासिल करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं में अच्छे संस्कार, नैतिकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी जरूरी है। रविवार को खैरे उम्मत फाउंडेशन के तत्वावधान में धनबाद सिटी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने ये बातें कहीं। कार्यक्रम में शहर के लगभग दो हजार बुद्धिजीवी, उलमा और गणमान्य लोग शामिल हुए।
Highlights:
मौजूदा हालात में उलमा और बुद्धिजीवियों की भूमिका पर चर्चा
कार्यक्रम का विषय ‘मौजूदा हालात में उलमा एवं बुद्धिजीवियों की जिम्मेदारियां’ रखा गया था। मौलाना सज्जाद नोमानी 21 नवंबर की शाम रांची-गोड्डा एक्सप्रेस से धनबाद पहुंचे थे। रेलवे स्टेशन पर खैरे उम्मत फाउंडेशन के सदस्यों और शहर के गणमान्य लोगों ने उनका स्वागत किया। स्वागत करने वालों में मुफ्ती शाहिद साहब, शब्बीर आलम, इनायतुर्रहमान, इश्तियाक अहमद, शहकार आलम और मौलाना आफताब साहब समेत 50 से अधिक लोग शामिल थे।
रविवार को निर्धारित कार्यक्रम के तहत मौलाना सज्जाद नोमानी धनबाद सिटी स्कूल पहुंचे। स्कूल के डायरेक्टर डॉ. आमिर ने उन्हें शॉल और मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम की शुरुआत तिलावते कलामे पाक से हुई। इसके बाद मुफ्ती शाहिद साहब ने स्वागत भाषण दिया और मौलाना आफताब कासमी ने अतिथि का परिचय कराया।

सभी समुदायों के बीच भाईचारा बढ़ाने की अपील
अपने संबोधन में मौलाना सज्जाद नोमानी ने कहा कि वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों में आपसी प्रेम, विश्वास और सहयोग को मजबूत करना समय की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भाईचारे का दायरा केवल अपने समुदाय तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि देश में रहने वाले सभी समुदायों के लोगों के साथ बेहतर संबंध बनाए जाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि समाज में आज भी बड़ी संख्या में ऐसे लोग हैं जो आपसी सद्भाव और प्रेम में विश्वास रखते हैं। जरूरत है कि उनके साथ संवाद और संपर्क बढ़ाया जाए। मौलाना ने उलमा, मुफ्तियों, बुद्धिजीवियों और सामाजिक नेतृत्व से जुड़े लोगों से अपील की कि वे विभिन्न समुदायों के बीच बातचीत और आपसी समझ को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
केवल डिग्री नहीं, संस्कार और नैतिक शिक्षा भी जरूरी
नौजवानों की शिक्षा और तरबियत पर विशेष जोर देते हुए मौलाना ने कहा कि केवल पढ़ाई पूरी कर लेना और डिग्रियां हासिल करना किसी व्यक्ति को जिम्मेदार नागरिक नहीं बना देता। शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार, नैतिकता और सही परवरिश भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि समाज के जिम्मेदार लोगों को नौजवान लड़के-लड़कियों के साथ दोस्ताना संबंध बनाए रखने चाहिए। उनकी समस्याओं को समझना चाहिए और उन्हें प्रेम, सहयोग, आपसी सम्मान तथा सामाजिक जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना चाहिए। युवाओं का चरित्र निर्माण समाज के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।
लगभग दो हजार लोगों ने सुने विचार
कार्यक्रम में मौजूद बुद्धिजीवियों, उलमाओं और गणमान्य लोगों ने मौलाना सज्जाद नोमानी के संबोधन को गंभीरता से सुना। खैरे उम्मत फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में सामाजिक सद्भाव, शिक्षा और युवा पीढ़ी की बेहतर परवरिश जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में सकारात्मक सोच, आपसी सहयोग और युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए जागरूकता बढ़ाना था। बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी के साथ यह कार्यक्रम संपन्न हुआ।






















