रांची: रांची में बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य कुमार साहू के सम्मान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में पार्टी के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस मौके पर आदित्य कुमार साहू ने भावुक होते हुए कहा कि “एक मां ने मुझे जन्म दिया और दूसरी बीजेपी रूपी मां ने मुझे पहचान दी। इसके लिए मैं पार्टी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।” उन्होंने कहा कि वे एक गरीब परिवार से आते हैं और कभी नहीं सोचा था कि उन्हें इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिलेगी। पार्टी ने उन पर भरोसा जताया और अब वे इसे आम जनता की सेवा के रूप में निभाएंगे।
आदित्य कुमार साहू ने कहा कि वे जनता की सेवा एक नेता नहीं, बल्कि एक बेटे की तरह करेंगे। उन्होंने विशेष रूप से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और रांची विधायक सीपी सिंह का धन्यवाद किया। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और व्यवहार की भी सराहना की।
सम्मान समारोह में पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला और सभी ने नए प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।





















