रांची: 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2026 के अवसर पर आर्यभट्ट सभागार, रांची में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए झारखंड की राज्य निर्वाचन आयुक्त अलका तिवारी ने राज्यवासियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि लोकतंत्र का आधार मतदाता है और लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए मतदाता का जागरूक और सतर्क होना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा इस वर्ष राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम “My India My Vote” और टैगलाइन “Indian Citizen at the Heart of Indian Democracy” निर्धारित की गई है।
उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी पात्र नागरिक चार अर्हता तिथियों—1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर—के आधार पर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। साथ ही महिला, दिव्यांग, वरिष्ठ नागरिक, पीवीटीजी, थर्ड जेंडर सहित सभी वर्गों के मतदाताओं के लिए विशेष सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा कि लोकतंत्र में मताधिकार के प्रयोग के लिए मतदाता सूची में नाम होना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि मतदाता बीएलओ, वोटर हेल्पलाइन ऐप और निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के माध्यम से आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही राज्य में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण का प्री-रिवीजन पीरियड चल रहा है, जिसमें अब तक 72 प्रतिशत मतदाताओं का मैपिंग कार्य पूरा हो चुका है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार द्वारा राष्ट्र के नाम संदेश का प्रसारण किया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने समापन भाषण दिया, जबकि संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार ने मतदाता शपथ दिलाई।
इस अवसर पर वरिष्ठ, युवा और ट्रांसजेंडर मतदाताओं सहित वर्ष 2025 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, युवा, वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांग और ट्रांसजेंडर मतदाता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।





















