गिरिडीह: गिरिडीह (झारखंड) के पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष राकेश महतो की हत्या का मामला सामने आया है। उनका अधजला शव डुमरी के फुसरो रोड स्थित घुटवाली के समीप बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
घटना डुमरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे एक अधजला शव देखा, जिसके बाद इसकी सूचना प्रशासन को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। बाद में मृतक की पहचान पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष राकेश महतो के रूप में हुई।
शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने डुमरी–फुसरो सड़क को जाम कर दिया और हत्या की आशंका जताते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच होनी चाहिए।
फिलहाल हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।





















