निरसा: एमपीएल प्रबंधन द्वारा स्थानीय हाइवा (ट्रक) मालिकों के साथ वादाखिलाफी एवं कथित हिटलरशाही रवैये के विरोध में निरसा विधायक अरुप चटर्जी के नेतृत्व में हाइवा मालिकों ने अनिश्चितकालीन रेल रोको आंदोलन शुरू कर दिया है।
स्थानीय हाइवा मालिकों ने एकजुटता दिखाते हुए निरसा के सिंदरी मोड़ से रैली निकालकर खुशरी मोड़ स्थित एमपीएल रेलवे ट्रैक पर पहुंचकर अनिश्चितकालीन धरना पर बैठ गए।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे विधायक अरुप चटर्जी ने बताया कि स्थानीय हाइवा मालिकों के साथ एमपीएल प्रबंधन ने पहले जो समझौता किया था, उसके अनुसार सड़क मार्ग से कोयला परिवहन करवाया जाना था। लेकिन प्रबंधन ने इसके विपरीत रेल से कोयला परिवहन और फ्लाई ऐश ढुलाई शुरू कर दी, जिससे हाइवा
मालिकों की संख्या एवं रोज़गार दोनों पर गंभीर प्रभाव पड़ा है।
विधायक ने कहा कि इस मुद्दे पर कई बार प्रबंधन से बातचीत की गई, लेकिन प्रबंधन की ओर से कोई सकारात्मक पहल नहीं हुई। इसलिए मजबूर होकर स्थानीय हाइवा मालिकों ने पूर्व नियोजित कार्यक्रम के तहत आज अनिश्चितकालीन रेल रोको आंदोलन का आगाज़ किया है।
अरुप चटर्जी ने कहा कि जब तक एमपीएल प्रबंधन सकारात्मक पहल और समझौता नहीं करेगा, आंदोलन जारी रहेगा।





















