नई दिल्ली: देश के पांच राज्यों — पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी — में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा कर दी गई है।
नई दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने चुनाव कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि असम, केरल और पुडुचेरी में एक ही चरण में 9 अप्रैल को मतदान होगा। वहीं तमिलनाडु में भी एक चरण में 23 अप्रैल को वोटिंग कराई जाएगी।
पश्चिम बंगाल में चुनाव दो चरणों में होंगे। यहां 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा।
चुनाव आयोग के अनुसार सभी पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए आयोग ने व्यापक तैयारियां की हैं।





















