धनबाद: धनबाद में शुक्रवार की तेज बारिश के बाद कई इलाकों में जलजमाव, नाली जाम और सड़क बाधित होने जैसी समस्याएं सामने आईं। हालात बिगड़ते देख मेयर Sanjeev Singh खुद मैदान में उतरे और विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर राहत एवं सफाई कार्यों की निगरानी की।
सबसे पहले बिग बाज़ार के पास सड़क पर एक बड़ा पेड़ गिरने से यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया था। सूचना मिलते ही मेयर मौके पर पहुंचे और निगम कर्मियों की मदद से पेड़ हटवाकर आवागमन को सामान्य कराया।
इसके बाद मेयर तपोवन कॉलोनी पहुंचे, जहां भारी जलभराव की समस्या से लोग परेशान थे। उन्होंने जाम नालियों की तत्काल सफाई करवाई और अधिकारियों को ड्रेनेज व्यवस्था को स्थायी रूप से बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
वहीं विद्यापति नगर स्थित शिवांश एंक्लेव और न्यू बैंक कॉलोनी में भी जलजमाव और नाली जाम की शिकायतों पर मेयर ने स्वयं पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने निगम अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि भविष्य में ऐसी समस्याओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए प्रभावी और स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
मेयर संजीव सिंह ने कहा कि जनता की सुविधा और सुरक्षा नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बारिश के दौरान प्राप्त हर शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है और जलनिकासी व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए व्यापक कार्ययोजना पर काम किया जा रहा है।
मेयर की सक्रियता और मौके पर पहुंचकर किए गए त्वरित हस्तक्षेप से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है और नगर निगम की पहल की सराहना की है।






















