सारण के एकमा में खूनी चाकूबाजी से सनसनी
Ekma Stabbing Incident: सारण के एकमा थाना क्षेत्र के परसा परसागढ़ गांव में चाकूबाजी की हिंसक घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना में घायल लोगों में अब तक तीन की मौत हो चुकी है, जबकि एक घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल विवेक कुमार को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। मृतकों की पहचान छपरा के काशी बाजार निवासी अंकुर पटेल उर्फ धोनी, एकमा के जिरतपुर पचुआ निवासी मुकेश कुमार और रमेश यादव के रूप में हुई है।
Highlights:
विवाद के बाद चाकूबाजी, तीन लोगों की मौत

जानकारी के मुताबिक, अंकुर पटेल उर्फ धोनी अपने मामा के घर परसा परसागढ़ आया हुआ था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद मामला चाकूबाजी तक पहुंच गया। घटना में कई लोग घायल हुए। इसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए एकमा स्थित डॉक्टर एस कुमार के निजी अस्पताल में लाया गया। इलाज के दौरान अंकुर पटेल उर्फ धोनी की मौत एकमा के निजी नर्सिंग होम में हो गई। वहीं, मुकेश कुमार और रमेश यादव को बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
अस्पताल परिसर में भी चाकूबाजी की चर्चा

पहली घटना के बाद घायलों को जब एकमा के निजी अस्पताल में लाया गया, इसी दौरान अस्पताल परिसर में भी दोबारा चाकूबाजी होने की बात सामने आई है। इस घटना की चर्चा के बाद स्थिति और गंभीर हो गई। हालांकि, अस्पताल परिसर में हुई कथित चाकूबाजी को लेकर पुलिस की जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
एक घायल की हालत गंभीर, पटना रेफर
घटना में घायल विवेक कुमार, पिता बिनोद कुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रारंभिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना रेफर कर दिया। एक के बाद एक तीन मौतों के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलने के बाद एकमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें: Nirsa Tractor Accident: निरसा में 100 फीट गहरी खाई में गिरा ट्रैक्टर, दो मजदूर घायल, एक की हालत गंभीर
आपसी रंजिश का मामला होने की आशंका
सदर एसडीपीओ-2 के अनुसार, प्रथम दृष्टया घटना आपसी रंजिश से जुड़ी हुई प्रतीत हो रही है। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही विवाद की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस घटना में शामिल लोगों, विवाद की शुरुआत और चाकूबाजी के पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही इस खूनी विवाद के पीछे की पूरी वजह सामने आने की उम्मीद है।






















