Nirsa Tractor Accident: निरसा थाना क्षेत्र के चापापुर ओसीपी के समीप स्थित ओबी डंपिंग स्थल पर शनिवार दोपहर एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार दो मजदूर घायल हो गए। इनमें एक मजदूर को गंभीर चोटें आई हैं और उसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
Highlights:
ओबी डंप पर चढ़ने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, निरसा के बेलचढ़ी निवासी धर्मेंद्र भुइंया और लालू भुइंया ट्रैक्टर से चापापुर ओसीपी के पास स्थित ओबी डंपिंग स्थल पर पत्थर लोड करने जा रहे थे। बताया जा रहा है कि ओबी डंप पर चढ़ने के दौरान अचानक ट्रैक्टर का स्टेयरिंग लॉक हो गया। इसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रैक्टर ट्रॉली समेत करीब 100 फीट नीचे खाई में जा गिरा।
एक मजदूर ने छलांग लगाकर बचाई जान
ट्रैक्टर को अनियंत्रित होकर खाई की ओर जाता देख धर्मेंद्र भुइंया ने किसी तरह वाहन से छलांग लगा दी और अपनी जान बचाई। वहीं, लालू भुइंया ट्रैक्टर के साथ ही गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में दोनों मजदूरों को चोटें आईं। लालू भुइंया के चेहरे समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें: Jamua Health Camp: जमुआ में मुफ्त स्वास्थ्य जांच शिविर, विधायक मंजू कुमारी ने लोगों को किया जागरूक
साथी मजदूरों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
हादसे के बाद आसपास मौजूद अन्य ट्रैक्टर चालकों और मजदूरों ने दोनों घायलों को खाई से बाहर निकाला। इसके बाद बाइक से उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद धर्मेंद्र भुइंया को घर भेज दिया, जबकि लालू भुइंया की गंभीर चोटों को देखते हुए निजी अस्पताल में उसका इलाज जारी है। हादसे में ट्रैक्टर का इंजन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद ट्रैक्टर मालिक मौके पर पहुंचे और घायल मजदूरों के इलाज की व्यवस्था कराई।

ओबी डंपिंग स्थल की सुरक्षा पर उठे सवाल
ओसीपी में कोयला उत्खनन के दौरान निकलने वाली मिट्टी और पत्थरों को अलग-अलग ओबी डंपिंग स्थलों पर जमा किया जाता है। यहां से पत्थरों को तोड़कर ट्रैक्टरों के जरिए आसपास के इलाकों में ले जाया जाता है। इन पत्थरों का इस्तेमाल स्थानीय स्तर पर घर और भवन निर्माण में किया जाता है। हादसे के बाद ओबी डंपिंग स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैक्टरों के परिचालन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर डंपिंग क्षेत्र में वाहनों के सुरक्षित संचालन को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।






















