Trisha Singh tribute: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन सोमवार को स्मार्ट सिटी स्थित मंत्री आवास पहुंचे। यहां दोनों ने राज्य की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की दिवंगत पुत्री तृषा सिंह के द्वादशा कार्यक्रम एवं ब्रह्मभोज में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वर्गीय तृषा सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। वहीं, गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने भी तृषा सिंह की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। कल्पना सोरेन ने दिवंगत तृषा सिंह के परिजनों को इस दुख की घड़ी को सहन करने की शक्ति देने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
Highlights:
मंत्री आवास पर आयोजित हुई श्रद्धांजलि सभा
तृषा सिंह के निधन के बाद सोमवार को मंत्री आवास परिसर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अलावा उनके कैबिनेट सहयोगी और कांग्रेस, राजद एवं झामुमो के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने दिवंगत तृषा सिंह की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
यह भी पढ़ें: Bihar DGP Preeta Verma: बिहार DGP पद पर सस्पेंस बरकरार, प्रीता वर्मा का अतिरिक्त प्रभार अगले आदेश तक बढ़ा
भीषण सड़क हादसे में हुई थी तृषा सिंह की मौत
दरअसल, 24 सितंबर की अहले सुबह जमशेदपुर के मरीन ड्राइव एनएच पर ट्रक और कार के बीच भीषण सड़क दुर्घटना हुई थी। इस हादसे में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की छोटी बेटी तृषा सिंह और उनके तीन दोस्तों की मौत हो गई थी। हादसे के बाद पूरे मामले ने शोक की स्थिति पैदा कर दी थी। सोमवार को आयोजित श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में राजनीतिक कार्यकर्ताओं और नेताओं ने पहुंचकर दिवंगत तृषा सिंह को श्रद्धांजलि दी।
डीएसपी ने हादसे को लेकर दी थी जानकारी
मामले को लेकर डीएसपी मनोज ठाकुर ने बताया था कि देर रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच एक कार सड़क पर खड़े ट्रक से टकरा गई थी। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एमजीएम अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने कार में सवार चारों लोगों को मृत घोषित कर दिया था।























