Nirsa Durga Puja 2026: आगामी दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर बुधवार की शाम निरसा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र की विधि-व्यवस्था, पूजा पंडालों की व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता निरसा थाना प्रभारी अजीत भारती ने की। वहीं, निरसा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) लिलेश्वर महतो मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
Highlights:
पूजा समितियों ने प्रशासन के सामने रखीं समस्याएं
बैठक में क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के अध्यक्ष और सचिव के अलावा जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और प्रबुद्ध नागरिक शामिल हुए। सभी ने बारी-बारी से पूजा आयोजन को लेकर अपने सुझाव और समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं। पूजा पंडालों के आसपास की सड़कों की मरम्मत, पूजा के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर करने जैसे मुद्दे प्रमुख रहे।
SDPO ने कहा- शांतिपूर्ण पूजा सभी की जिम्मेदारी
बैठक को संबोधित करते हुए SDPO लिलेश्वर महतो ने कहा कि दुर्गा पूजा आस्था का पर्व है और इसे शांतिपूर्ण तरीके से मनाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने बैठक में उठाए गए सभी बिंदुओं पर गंभीरता से कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रशासन की ओर से पूजा समितियों को आयोजन के दौरान आपसी सहयोग और समन्वय बनाए रखने की बात कही गई।
यह भी पढ़ें: Nirsa News: नशामुक्त समाज के लिए बच्चों ने उठाई आवाज, निरसा में नुक्कड़ नाटक ने खींचा लोगों का ध्यान
पूजा समितियों के लिए अनुमति जरूरी, DJ को लेकर निर्देश
बैठक में सीओ विक्रम आनंद, बीडीओ इंद्रलाल ओहदार और थाना प्रभारी अजीत भारती ने संयुक्त रूप से कहा कि किसी भी पूजा समिति के लिए प्रशासन से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही DJ के इस्तेमाल को लेकर माननीय न्यायालय के आदेश का पालन करने का निर्देश दिया गया। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी तरह की भ्रामक सूचना से बचने की अपील की।
शांति और भाईचारे के साथ पूजा मनाने की अपील
अधिकारियों ने सभी पूजा समितियों, जनप्रतिनिधियों और आम लोगों से शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ दुर्गा पूजा मनाने की अपील की। बैठक के दौरान प्रशासन ने पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने में सभी से सहयोग की अपेक्षा जताई।






















