Jharkhand Asian Championship 2026, रांची: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के रास अल खैमाह में आयोजित Asian Biathle, Triathle & Laser Run Championship 2026 में झारखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। 10 से 16 नवंबर तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में राज्य के तीन खिलाड़ियों ने कुल 11 पदक जीतकर देश और झारखंड का नाम रोशन किया। वहीं धनबाद के शिवा कुमार महतो ने भारतीय टीम के कोच के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाई।
Highlights:
तीन खिलाड़ियों ने जीते कुल 11 पदक
प्रतियोगिता में झारखंड के खिलाड़ियों ने अलग-अलग आयु वर्गों में शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-21 जूनियर बॉयज वर्ग में दीपांशु सिंह ने तीन स्वर्ण और एक कांस्य पदक अपने नाम किया। उन्होंने कुल चार पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
अंडर-15 बॉयज वर्ग में परिमल महतो ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक जीता। इस तरह उनके खाते में कुल पांच पदक आए। वहीं अंडर-13 बॉयज वर्ग में चेतन मुंडा ने एक स्वर्ण और एक रजत पदक हासिल किया।
इस प्रकार तीनों खिलाड़ियों ने मिलकर प्रतियोगिता में कुल 11 पदक झारखंड की झोली में डाले।
धनबाद के शिवा कुमार महतो बने टीम इंडिया के कोच
इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए झारखंड के तीन खिलाड़ियों के साथ एक कोच का भी चयन हुआ था। धनबाद के शिवा कुमार महतो को भारतीय टीम के कोच के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

खिलाड़ियों का चयन गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित Biathle एवं Triathle नेशनल चैंपियनशिप और महाराष्ट्र के नासिक में हुई लेजर रन राष्ट्रीय चैंपियनशिप में उनके प्रदर्शन के आधार पर किया गया था।

चयनित खिलाड़ियों में जमशेदपुर के दीपांशु सिंह, परिमल महतो और रांची के चेतन मुंडा शामिल थे। तीनों ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतकर अपने चयन को सार्थक साबित किया।
UAE में 70 भारतीय प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
रास अल खैमाह में आयोजित इस प्रतियोगिता का संयुक्त आयोजन AMPC और UAE Modern Pentathlon Federation की ओर से किया गया था। इसमें भारत के लगभग 70 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में Biathle, Triathle और Laser Run की विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं।

इन स्पर्धाओं में झारखंड के खिलाड़ियों का प्रदर्शन भारतीय दल के लिए उल्लेखनीय रहा। राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना राज्य की खेल प्रतिभाओं के लिए बड़ी उपलब्धि है।
रांची एयरपोर्ट पर खिलाड़ियों और कोच का स्वागत
17 नवंबर 2026 को UAE से लौटने पर रांची एयरपोर्ट पर खिलाड़ियों और कोच का स्वागत किया गया। उनकी उपलब्धि पर झारखंड ओलंपिक संघ के महासचिव डॉ. मधुकांत पाठक, कोषाध्यक्ष शिवेंद्र दुबे, मॉडर्न पेंटाथलॉन एसोसिएशन ऑफ झारखंड के सचिव शैलेंद्र कुमार पाठक और धनबाद जिला मॉडर्न पेंटाथलॉन संघ की अध्यक्ष पूजा पांडे ने बधाई दी।

सभी ने खिलाड़ियों और कोच के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे आगे भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर देश के लिए पदक जीतेंगे।






















