बाघमारा:बाघमारा थाना क्षेत्र के ईस्ट बसुरिया ओपी अंतर्गत लिब्रा आउटसोर्सिंग में कोयला खनन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। चाल धंसने की घटना में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई है।
मृतक की पहचान छोटू भुईया के रूप में की गई है, जो बाघमारा के सात नंबर क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने मृतक का शव घटनास्थल से उठा लिया और ले भागे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
वहीं, घायल युवती का इलाज स्थानीय नर्सिंग होम में चल रहा है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
फिलहाल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। हादसे की खबर से इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।






















