धनबाद:धनबाद जिले में पुलिस व्यवस्था को सुदृढ़ और पारदर्शी बनाने के लिए धनबाद पुलिस ने एक विशेष पहल शुरू की है। इसी कड़ी में एसएसपी प्रभात कुमार सहित कई पुलिस पदाधिकारियों ने जिले के विभिन्न थानों को गोद लिया है। 30 सितंबर तक चलने वाले इस विशेष अभियान के तहत थानों में लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन और समग्र सुधार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
एसएसपी प्रभात कुमार ने धनबाद थाना परिसर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने की व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया और पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर लंबित मुकदमों की समीक्षा की। उन्होंने साफ निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का जल्द से जल्द निपटारा किया जाए।
थाना परिसर का निरीक्षण करते हुए एसएसपी ने कबाड़ हटाने, जब्त वाहनों की नीलामी करने, साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने के आदेश दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस परिसर की स्वच्छता और अनुशासन से आम जनता का विश्वास बढ़ता है।
अभियान के तहत एसएसपी को बैंक मोड़ थाना,धनबाद थाना और सरायढेला थाना की जिम्मेदारी ली है। इन थानों में लंबित मामलों के निष्पादन की प्राथमिकता तय की गई है।






















