पटना: बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में सीटों के बंटवारे को लेकर जारी अटकलों के बीच भाजपा के राज्यसभा सांसद मनन कुमार मिश्रा ने बड़ा बयान दिया है। पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि सीट शेयरिंग को लेकर कोई गंभीर मतभेद नहीं है और “अंत बिल्कुल बढ़िया होगा।”
Highlights:
मनन मिश्रा ने कहा,
“घर में थोड़ा-बहुत अंतर होता है, लेकिन सब सुलझा लिया जाएगा। एनडीए में सब कुछ ठीक-ठाक रहेगा और हम पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएंगे।“
उन्होंने बताया कि सीटों के बंटवारे को लेकर फैसला आज या कल तक हो सकता है। साथ ही यह भी जोड़ा कि बातचीत अब लगभग अंतिम चरण में है और घबराने जैसी कोई बात नहीं है।
महागठबंधन पर साधा निशाना
महागठबंधन पर निशाना साधते हुए सांसद मिश्रा ने कहा,
“गठबंधन के नाम पर जो दल एकजुट हैं, उनका कोई ठोस अस्तित्व नहीं है। यह गठबंधन 50 से भी कम सीटों पर सिमटने जा रहा है।“
AIMIM पर प्रतिक्रिया
जब पत्रकारों ने ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी द्वारा बिहार में 100 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा के बारे में पूछा, तो उन्होंने कहा,
“यह उनका अधिकार है। वे चुनाव लड़ना चाहते हैं, यह अच्छी बात है। मुस्लिम मतों पर उनका बड़ा दावा है, लेकिन देखना होगा कि जनता क्या निर्णय लेती है।“






















