धनबाद:धनबाद जिले के पूर्वी टुंडी प्रखंड क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गढ़ रघुनाथपुर की हालत बेहद चिंताजनक है। करीब 15 वर्ष पहले पूर्वी टुंडी को अलग प्रखंड का दर्जा मिला था, लेकिन आज भी यहां के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हैं।
यह अस्पताल गोविंदपुर–साहेबगंज रोड के शंकरडीह मोड़ के पास स्थित है। यह मार्ग वर्तमान में निर्माणाधीन है और दुर्घटना-प्रवण क्षेत्र बन चुका है। ऐसे में यदि रात के समय कोई सड़क दुर्घटना हो जाती है, तो मरीजों को लगभग 25 किलोमीटर दूर धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाना पड़ता है। इस देरी के कारण कई गंभीर मरीजों की मौत तक हो चुकी है।
निरीक्षण के दौरान जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने अस्पताल का जायजा लिया। मौके पर मौजूद ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. विकास कुमार राणा ने अस्पताल की कमियों और आवश्यक सामग्रियों की सूची अध्यक्ष को सौंपी।
डॉ. राणा ने बताया कि यहां 24 घंटे डॉक्टर की उपलब्धता नहीं है, प्रसूति संबंधी सुविधाएं भी नहीं हैं, और आवश्यक दवाओं व उपकरणों की भारी कमी है।
जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने कहा कि मरीजों को हो रही असुविधाओं पर संज्ञान लिया गया है और जल्द ही अस्पताल में जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिला परिषद स्तर से स्वास्थ्य केंद्र को सशक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।





















