रांची: झारखंड दौरे पर आए फिल्म एवं टेलीविजन अभिनेता जावेद पठान ने गुरुवार को झारखंड विधानसभा का भ्रमण किया और विधानसभा अध्यक्ष से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों के बीच औपचारिक बातचीत हुई, जिसमें अभिनेता ने अपने अभिनय सफर के अनुभव साझा किए।
Highlights:
विधानसभा अध्यक्ष ने किया सम्मानित
भेंट के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने अभिनेता जावेद पठान को शॉल और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर विधायक मथुरा प्रसाद महतो और मोहम्मद ताजुद्दीन भी मौजूद रहे।
धनबाद से राष्ट्रीय पहचान तक का सफर
मूल रूप से झारखंड के धनबाद निवासी जावेद पठान के पिता बीसीसीएल में कार्यरत थे। उन्होंने हिंदी फिल्मों, टेलीविजन धारावाहिकों, वेब सीरीज़, विज्ञापनों और संगीत एलबमों में अभिनय कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है।
उन्होंने बताया कि टीवी धारावाहिक “देवों के देव महादेव” से उन्हें व्यापक पहचान मिली, जबकि “जोधा अकबर” ने उन्हें टेलीविजन उद्योग में स्थापित अभिनेता के रूप में पहचान दिलाई। अब तक वे 2 फिल्मों, 18 टीवी धारावाहिकों, 3 म्यूजिक एलबमों में अभिनय कर चुके हैं। उनकी दो नई फिल्में जल्द रिलीज होने वाली हैं। इसके अलावा उन्होंने Horror Love Story (2021), Caste of Love (2022), NRI Wives (2023) और लोकप्रिय धारावाहिक “विघ्नहर्ता गणेश” में भी अभिनय किया है।
यह भी पढ़ें: झारखंड अग्निशमन सेवा को मिली नई ताकत, मुख्यमंत्री ने 58 आधुनिक अग्निशमन वाहनों को किया रवाना
झारखंड में फिल्म निर्माण की अपार संभावनाएं
जावेद पठान ने कहा कि झारखंड प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक विविधता और फिल्मांकन के लिए उपयुक्त स्थलों से समृद्ध राज्य है। उन्होंने विशेष रूप से धनबाद, पारसनाथ और तोपचांची क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि ये इलाके पर्यटन, निवेश और फिल्म निर्माण के लिए बेहद संभावनाशील हैं।

उन्होंने झारखंड सरकार द्वारा फिल्म संस्थान स्थापित करने के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि इससे राज्य के युवाओं को फिल्म एवं मनोरंजन उद्योग में नए अवसर मिलेंगे।
अध्यक्ष ने दी शुभकामनाएं
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि जावेद पठान ने अपनी कला और अभिनय के माध्यम से झारखंड का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी अभिनेता अपनी फिल्मों और धारावाहिकों के माध्यम से राज्य की संस्कृति, प्राकृतिक धरोहर और स्थानीय प्रतिभाओं को व्यापक पहचान दिलाते रहेंगे। साथ ही उनकी आगामी फिल्मों और धारावाहिकों के लिए शुभकामनाएं भी दीं।























