निरसा: आगामी रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए निरसा अनुमंडल के चिरकुंडा थाना परिसर में अखाड़ा कमेटी के सदस्यों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। प्रशासन द्वारा सरकार के निर्देशों के तहत कमिटीयों को पर्व के नियमों से अवगत कराया गया।माननीय उच्च न्यायालय (हाईकोर्ट) के आदेशों का हवाला देते हुए प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जुलूस के दौरान डीजे का उपयोग पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।प्रशासन ने सख्त हिदायत दी है कि किसी भी स्थिति में नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और रूट से हटकर कोई गतिविधि होने पर कार्रवाई की जाएगी।बैठक में कुमारधुबी और चिरकुंडा क्षेत्र के विभिन्न अखाड़ा कमेटियों के सदस्य शामिल हुए। सभी सदस्यों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि वे नियमों का पालन करते हुए पर्व मनाएंगे।इस दौरान मुख्य रूप से चिरकुंडा थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक आशुतोष कुमार, चिरकुंडा अंचल पुलिस निरीक्षक फागू होरो, कुमारधुबी ओपी प्रभारी मैथ्यू एक्का सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल मौजूद थे। अधिकारियों ने बताया कि बैठक में जुलूस के दौरान बिजली, पानी और सड़क से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा की गई ताकि पर्व को खुशी-खुशी मनाया जा सके।






















