Anant Singh Daughter Wedding: मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी बुधवार को चर्चा का बड़ा केंद्र बन गई। शादी में शामिल होने के लिए मेहमानों के साथ आसपास के गांवों से भी हजारों लोग पहुंच रहे हैं। दूल्हा ऋषिकेश बारात लेकर बिहटा से अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां पहुंच चुके हैं। समारोह में उमड़ी भारी भीड़ का असर अब सड़क से लेकर मोबाइल नेटवर्क तक दिखाई देने लगा है। बाढ़ के आसपास करीब 10 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई है। विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार समेत कई वीआईपी मेहमान भी जाम में फंस गए हैं। वहीं, इलाके में मोबाइल नेटवर्क और कॉलिंग सेवाएं प्रभावित होने की खबर है।
Highlights:
10 किलोमीटर तक लगा जाम, VIP मेहमानों की गाड़ियां भी फंसीं
शिवांगी की शादी में उमड़ी भीड़ के कारण नदवां और आसपास के इलाकों में यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। बाढ़ के आसपास करीब 10 किलोमीटर तक वाहनों की कतार लगने की जानकारी सामने आई है। बारात में शामिल लोगों और अन्य मेहमानों को भी समारोह स्थल तक पहुंचने में परेशानी हो रही है। विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार समेत कई वीआईपी मेहमान जाम में फंसे हुए हैं। शादी में नेताओं और मंत्रियों की लगातार आवाजाही के कारण सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है।
मोबाइल नेटवर्क और कॉलिंग सेवाओं पर भी पड़ा असर
शादी समारोह में हजारों लोगों की मौजूदगी का असर मोबाइल नेटवर्क पर भी देखने को मिल रहा है। इलाके में नेटवर्क कमजोर होने और कॉलिंग सेवाएं प्रभावित होने की खबर है। लोगों को फोन लगाने और बातचीत करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समारोह स्थल पर भी भीड़ को संभालना चुनौती बन गया है। बताया जा रहा है कि कुछ लोग जयमाला के स्टेज तक पहुंच गए हैं। वहीं, कई लोग नीचे बिछी दरी पर ही बैठ गए और सोने लगे। उन्हें लगातार वहां से हटने के लिए कहा जा रहा है।
हाथी पर सवार होकर समधी मिलन करेंगे अनंत सिंह
शादी समारोह को यादगार बनाने के लिए कई खास इंतजाम किए गए हैं। अनंत सिंह हाथी पर सवार होकर समधी मिलन करेंगे। इसके लिए दो हाथियों को मंगाया गया है। विवाह समारोह के लिए करीब 25 बीघा जमीन पर भव्य पंडाल तैयार किया गया है। वीआईपी मेहमानों के लिए अलग पंडाल बनाया गया है, जबकि खाने-पीने के लिए 30 स्टॉल लगाए गए हैं। अनंत सिंह का दावा है कि शादी में चार लाख से अधिक लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई है। इसके लिए 300 से ज्यादा चूल्हे लगाए गए हैं। करीब 500 हलवाई और कारीगर भोजन तथा मिठाइयां तैयार करने में जुटे हैं।
ललन सिंह और बृजभूषण शरण सिंह समेत कई बड़े चेहरे पहुंचे
शादी समारोह में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह भी पहुंचे और शिवांगी को आशीर्वाद दिया। जदयू से अनंत सिंह के निष्कासन के बाद दोनों नेताओं की यह पहली मुलाकात बताई जा रही है। उत्तर प्रदेश के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह भी अनंत सिंह के आवास पहुंचे। इसके अलावा बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने भी समारोह में शामिल होकर अनंत सिंह को बेटी की शादी की शुभकामनाएं दीं। वीआईपी मेहमानों के लिए हेलीकॉप्टर से पहुंचने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए समारोह स्थल के आसपास तीन हेलीपैड बनाए गए हैं।
शादी बनी बिहार में चर्चा का विषय
शिवांगी की शादी में उमड़ी भीड़, बड़े नेताओं की मौजूदगी और भव्य इंतजाम लगातार चर्चा में हैं। दूसरी ओर, करीब 10 किलोमीटर तक वाहनों की कतार और मोबाइल सेवाओं में परेशानी ने प्रशासन के सामने भी चुनौती खड़ी कर दी है। समारोह में आने वाले मेहमानों और स्थानीय लोगों को यातायात की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।






















