Dhalbhumgarh Road Accident: पूर्वी सिंहभूम जिले के धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम राष्ट्रीय राजमार्ग की क्रॉसिंग पर भीषण सड़क दुर्घटना हुई। नरसिंहगढ़ भाटीसाल बस स्टैंड के पास पाइप लदे ट्रक, एनएचएआइ के पिकअप वैन और चिप्स लदे छोटा हाथी के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद पांच घायलों को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया।
Highlights:
कार को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, पाइप लदा ट्रक (NL 04 AA 0315) जमशेदपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान एरोड्रम की तरफ से एक कार तेज गति से क्रॉसिंग पार कर जमशेदपुर की दिशा में मुड़ने लगी। बताया जाता है कि कार को बचाने के प्रयास में ट्रक चालक ने वाहन को अचानक बाईं ओर मोड़ दिया।
इसी तरफ एनएचएआइ का पिकअप वैन मजदूरों को उतारने के लिए खड़ा था। उसी समय क्रॉसिंग पार कर रहा चिप्स लदा छोटा हाथी भी ट्रक की चपेट में आ गया। तीनों वाहनों के बीच टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप वैन और छोटा हाथी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई।
डिवाइडर पर घास की सफाई कर लौट रहे थे मजदूर
बताया गया कि एनएचएआइ के पिकअप में सवार मजदूर राष्ट्रीय राजमार्ग के डिवाइडर पर घास की सफाई का काम कर रहे थे। काम खत्म करने के बाद वे घर लौटने की तैयारी में थे। इसी दौरान पिकअप हादसे की चपेट में आ गया। दुर्घटना में पिकअप में सवार मजदूरों समेत सात लोग घायल हुए।
एंबुलेंस से सभी घायलों को पहुंचाया गया सीएचसी
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया। ‘सेवा ही धर्म’ और एनएचएआइ की एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। घायलों में मोहम्मद रिजवान (38), सूरज गोप (28), बाहा हांसदा (35), कारना बेसरा (55), तापस चित्रकार (29), मोहम्मद दिलशाद और जय सिंह (58) शामिल हैं।
घायलों में मोहम्मद रिजवान और मोहम्मद दिलशाद घाटशिला के रहने वाले हैं। सूरज गोप स्वर्गछिड़ा, बाहा हांसदा सुंडीसोल, कारना बेसरा रुआसोल, तापस चित्रकार नरसिंहगढ़ और जय सिंह औरंगाबाद के निवासी बताए गए हैं।
पांच घायलों को एमजीएम अस्पताल किया गया रेफर
सीएचसी में चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। गंभीर स्थिति को देखते हुए पांच लोगों को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना मिलने पर धालभूमगढ़ पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है।






















