PM Modi Nepal Development Package, नई दिल्ली: भारत ने नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास में सहयोग के लिए बड़ा कदम उठाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के साथ द्विपक्षीय बातचीत के बाद 24,000 करोड़ नेपाली रुपये के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा की। भारतीय मुद्रा में यह राशि करीब 15,000 करोड़ रुपये बैठती है। अगस्त में नेपाल में आई भीषण बाढ़ से हुए नुकसान के बाद प्रभावित परिवारों की मदद और देश की आपदा प्रबंधन क्षमता मजबूत करना इस पैकेज का प्रमुख उद्देश्य है। दोनों देशों ने इस दौरान आठ समझौतों पर हस्ताक्षर किए और छह प्रमुख सीमा पार संपर्क, ऊर्जा तथा बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को आगे बढ़ाया।
Highlights:
बाढ़ प्रभावित नेपाल की मदद के लिए भारत का बड़ा ऐलान
हैदराबाद हाउस में प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने संयुक्त प्रेसवार्ता में नेपाल में अगस्त में आई भीषण बाढ़ के दौरान हुई जनहानि पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि भारत मुश्किल समय में नेपाल के साथ खड़ा है और उसके पुनर्निर्माण तथा विकास में साझेदार बना रहेगा। पीएम मोदी ने कहा कि 24,000 करोड़ नेपाली रुपये का विकास सहयोग पैकेज प्रभावित परिवारों की जिंदगी को सामान्य बनाने, नए अवसर पैदा करने और भविष्य की आपदाओं से निपटने की नेपाल की क्षमता मजबूत करने में मदद करेगा। उन्होंने बालेन शाह का प्रधानमंत्री बनने के बाद भारत के पहले द्विपक्षीय दौरे पर स्वागत करते हुए उनके नेतृत्व और नेपाल की नई पीढ़ी की आकांक्षाओं का उल्लेख किया। मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल के रिश्ते केवल पड़ोसी होने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि करीबी संबंधों और अटूट भरोसे पर आधारित हैं।
अंतरिक्ष, सुरक्षा और स्वास्थ्य समेत आठ समझौतों पर हस्ताक्षर
बालेन शाह की भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों ने अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, सुरक्षा प्रशिक्षण, फोरेंसिक विज्ञान, प्रशासनिक क्षमता निर्माण, स्वास्थ्य, पारंपरिक चिकित्सा, सतत शहरी विकास और कृषि से जुड़े आठ समझौतों पर हस्ताक्षर किए। अंतरिक्ष और संचार के क्षेत्र में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) और नेपाल के सूचना एवं संचार मंत्रालय के बीच दक्षिण एशिया उपग्रह के इस्तेमाल के लिए सैटेलाइट कम्युनिकेशन नेटवर्क विकसित करने का समझौता हुआ। सुरक्षा और पुलिसिंग के क्षेत्र में भारत की नेशनल फोरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी और नेपाल पुलिस के क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट के बीच शैक्षणिक तथा शोध सहयोग पर सहमति बनी। वहीं, राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय और नेपाल की नेशनल पुलिस एकेडमी के बीच भी सहयोग समझौता किया गया। प्रशासनिक सुधार और सरकारी अधिकारियों के प्रशिक्षण के लिए नेशनल सेंटर फॉर गुड गवर्नेंस तथा नेपाल प्रशासनिक स्टाफ कॉलेज के बीच समझौता हुआ। स्वास्थ्य क्षेत्र में चिकित्सा सहयोग के साथ आयुर्वेद और पारंपरिक चिकित्सा प्रणालियों को बढ़ावा देने पर भी सहमति बनी। इसके अलावा सतत शहरी विकास और पशुधन एवं मत्स्य विकास के क्षेत्र में सहयोग को आगे बढ़ाया जाएगा।
अयोध्या-जनकपुर रेल सेवा और छह परियोजनाओं पर जोर
दोनों प्रधानमंत्रियों ने भारत और नेपाल के बीच संपर्क व्यवस्था मजबूत करने के लिए कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें भारत के अयोध्या और नेपाल के जनकपुर को जोड़ने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस रेल सेवा प्रमुख है। इसे दोनों देशों के सांस्कृतिक और धार्मिक संबंधों के साथ रेल संपर्क को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। सीमा पर सड़क और व्यापारिक आवाजाही को बेहतर बनाने के लिए भारत के धारचूला और नेपाल के दार्चुला को जोड़ने वाले नए मोटर योग्य पुल का उद्घाटन किया गया। इसके अलावा बनबसा में नए एकीकृत चेक पोस्ट (ICP) का शिलान्यास किया गया। भैरहवा, सुनौली और दोधारा चांदनी में बन रहे एकीकृत चेक पोस्ट की प्रगति की भी समीक्षा हुई। ऊर्जा सहयोग के तहत 669 मेगावाट क्षमता वाली लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना की आधारशिला रखी गई। पेट्रोलियम क्षेत्र में मोतिहारी-अमलेखगंज पाइपलाइन के दूसरे चरण को समर्पित किया गया। वहीं, प्रस्तावित सिलीगुड़ी-झापा पेट्रोलियम पाइपलाइन से जुड़े झापा पेट्रोलियम टर्मिनल का भी शिलान्यास किया गया।
बालेन शाह ने भारत को बताया भरोसेमंद पड़ोसी
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने भारत के गर्मजोशी भरे स्वागत और सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध हिमालय की तरह मजबूत और महासागरों की तरह विशाल हैं। प्राकृतिक आपदाओं और कठिन परिस्थितियों में भारत हमेशा भरोसेमंद पड़ोसी के रूप में मदद के लिए आगे आया है। शाह ने कहा कि दोनों देशों के रिश्तों की नींव आपसी सम्मान, अटूट विश्वास और सद्भावना पर टिकी है। प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी बातचीत का उद्देश्य सदियों पुराने संबंधों को और मजबूत तथा आधुनिक बनाना था। उन्होंने विश्वास जताया कि बातचीत के दौरान हुए फैसलों से भारत और नेपाल के संबंध नई ऊंचाइयों पर पहुंचेंगे। बालेन शाह ने भारत को नेपाल के विकास और भविष्य के सहयोग में महत्वपूर्ण साझेदार बताया।






















