राजगंज: गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे राजगंज थाना क्षेत्र के कोलकाता–दिल्ली मुख्य मार्ग पर महेशपुर के पास एक ट्रक और ट्रेलर की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ट्रक चालक विनोद कुमार ऊँज, निवासी भदोनी (उत्तर प्रदेश), गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल चालक विनोद ने बताया कि वह धनबाद में ट्रक खाली कर उत्तर प्रदेश लौट रहा था। महेशपुर के पास उसने ट्रक सड़क किनारे खड़ा करने की कोशिश की, तभी दूसरी लेन से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रेलर—जो गोविंदपुर से सामान लेकर भिवंडी, राजस्थान जा रहा था—ने ट्रक के चालक साइड पर जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर में विनोद के सिर और कंधे पर गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत राजगंज के एक निजी नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को जप्त कर लिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।






















