झरिया: जोड़ापोखर थाना अंतर्गत जमाडोबा पेट्रोल पंप के पास डुमरी दो नंबर गली में अहले सुबह करीब 4 बजे फायरिंग की घटना सामने आई है। पुलिस के अनुसार इस मामले में अनुसंधान शुरू कर दिया गया है और आरोपियों तक जल्द पहुंचने का दावा किया जा रहा है।घटना की सूचना पर सिंदरी एसडीपीओ प्रकाश चन्द्र महतो घटनास्थल पहुचे।उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्ट्या जांच में सामने आया है कि घटना स्थल पर लोहे का रोपवे लगा था, जिसे काटने की कोशिश की गई थी। मानना है कि रोपवे की चोरी और उसे लोड करने के वर्चस्व को लेकर विवाद हुआ होगा, जिसके बाद फायरिंग की नौबत आई। हालांकि अभी इस कोण पर गहनता से जांच की जा रही है, अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही बताया जाएगा।इस फायरिंग में अब तक एक व्यक्ति के घायल होने की पुष्टि हुई है। घायल की पहचान रिक्की सिंह के रूप में हुई है। घटना के तुरंत बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया, जहां उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उन तक पहुंचने की कोशिश हो रही है।अधिकारियों का कहना है कि जांच का दायरा बढ़ाया गया है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।






















