Madhubani DM Collar Incident: बिहार के मधुबनी जिले के बाबूबरही प्रखंड स्थित बलिराजगढ़ में ग्रामीण अशोक यादव की मौत के बाद उपजा विवाद अब और गंभीर हो गया है। मृतक के परिजनों से मिलने और सड़क जाम खत्म कराने पहुंचे जिलाधिकारी आनंद शर्मा और एसपी योगेंद्र कुमार को आक्रोशित लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। मृतक के घर पर बातचीत के दौरान एक महिला द्वारा डीएम का कॉलर पकड़ने और उनके साथ दुर्व्यवहार करने की बात सामने आई है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा गार्डों ने दोनों अधिकारियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
Highlights:
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। जानकारी के मुताबिक, बिहार पुलिस और बीएमपी के 500 से अधिक जवानों को इलाके में लगाया गया है। जिले के सभी सात एसडीपीओ के अलावा दरभंगा जिले के कमतौल अनुमंडल के एसडीपीओ भी मौके पर पहुंचे हैं।
प्रदर्शनकारियों से बातचीत के बाद मृतक के घर पहुंचे डीएम-एसपी
जानकारी के अनुसार, बलिराजगढ़ में सड़क जाम समाप्त कराने और मृतक अशोक यादव के परिजनों से मिलने के लिए जिलाधिकारी आनंद शर्मा और पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार दोपहर में घटनास्थल पर पहुंचे थे। शुरुआत में दोनों अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की और उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान डीएम ने संबंधित पुलिस पदाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई और मृतक के परिजनों को उचित सरकारी सहायता देने का आश्वासन दिया। इसके बाद डीएम और एसपी मृतक के घर पहुंचे। वहां वे अशोक यादव की पत्नी अश्मिता देवी से बातचीत कर रहे थे।
महिला ने डीएम का कॉलर पकड़ा, मौके पर मची अफरा-तफरी
मृतक के घर पर बातचीत के दौरान अचानक एक महिला द्वारा जिलाधिकारी आनंद शर्मा का कॉलर पकड़ने का आरोप सामने आया। इस दौरान महिला ने डीएम के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया। घटना से वहां मौजूद लोगों और अधिकारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। अचानक हुए इस घटनाक्रम के बाद डीएम और एसपी की सुरक्षा में तैनात गार्ड सक्रिय हो गए। उन्होंने दोनों अधिकारियों को वहां से सुरक्षित बाहर निकाला। घटना के बाद इलाके में पहले से बना तनाव और बढ़ गया। प्रशासनिक अधिकारियों के साथ हुए इस घटनाक्रम को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी।
500 से अधिक पुलिस जवान तैनात, आठ एसडीपीओ पहुंचे
बलिराजगढ़ में बिगड़ते हालात को नियंत्रित करने के लिए जिला मुख्यालय सहित विभिन्न इलाकों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। जाम स्थल पर बिहार पुलिस और बीएमपी के 500 से अधिक जवानों की तैनाती की गई है। इसके अलावा मधुबनी जिले के सभी सात एसडीपीओ और दरभंगा जिले के कमतौल अनुमंडल के एसडीपीओ भी मौके पर पहुंचे। एसडीएम चंदन कुमार झा भी अन्य अधिकारियों के साथ दोबारा घटनास्थल पर पहुंचे। प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की मौजूदगी के बीच लोगों को शांत कराने और सड़क जाम समाप्त कराने का प्रयास जारी है।
एएसआई की गोली से ग्रामीण की मौत के बाद शुरू हुआ विवाद
गौरतलब है कि बलिराजगढ़ में पुलिस पिकेट पर तैनात एएसआई की गोली लगने से ग्रामीण अशोक यादव की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी संबंधित पुलिस पदाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई और मृतक के परिवार को उचित सहायता देने की मांग कर रहे थे। इसी विवाद को सुलझाने के लिए डीएम और एसपी मौके पर पहुंचे थे, लेकिन मृतक के घर पर हुए घटनाक्रम के बाद स्थिति और संवेदनशील हो गई। समाचार लिखे जाने तक बलिराजगढ़ में तनाव बना हुआ था। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर तैनात थे तथा हालात को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे थे।






















