नहर में मिला 25 वर्षीय PG छात्र का शव
Nalanda Shivam Rex Murder Case: तेल्हाड़ा थाना क्षेत्र में 25 वर्षीय पीजी छात्र शिवम रेक्स का शव नहर में मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शव राढ़ील छिलका और खड्डी लोदीपुर गांव के बीच नहर में बहता हुआ मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक गोवाल बिगहा गांव का रहने वाला था। बताया गया है कि उसके माता-पिता दोनों हिलसा कोर्ट में अधिवक्ता हैं। शव मिलने की सूचना के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और शरीर पर चोट के निशान देखकर हत्या की आशंका जताई।
Highlights:
सिर पर चोट के निशान, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

परिजनों के अनुसार, शिवम के सिर पर गंभीर चोट और शरीर पर जख्म के निशान मिले हैं। इन्हीं चोटों के आधार पर परिवार ने इसे सामान्य मौत नहीं मानते हुए हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया है और रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
प्रेम-प्रसंग को लेकर परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

परिवार के मुताबिक, शिवम का एकंगरसराय थाना क्षेत्र के एकंगरडीह गांव निवासी मनोज केशरी की बेटी स्वाति केशरी से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। बताया गया है कि दोनों एसयू कॉलेज में पीजी प्रथम वर्ष के छात्र थे और करीब छह महीने से एक-दूसरे के संपर्क में थे। मृतक के पिता ओम प्रकाश ने आरोप लगाया कि लड़की के भाई गौरव ने उनसे फोन पर मामले को ‘मैनेज’ करने की बात कही थी। पिता के अनुसार, उन्हें भरोसा था कि उनके बेटे को कोई नुकसान नहीं होगा, लेकिन बाद में शिवम का शव नहर में मिला। परिवार ने प्रेमिका के पिता और भाई पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
आखिरी बातचीत और फोन बंद होने को लेकर सवाल
मृतक के बड़े भाई सत्यम केशवा के अनुसार, 14 सितंबर की शाम करीब 7:30 बजे शिवम से उनकी आखिरी बातचीत हुई थी। उस समय शिवम ने खुद को बिहारशरीफ में बताया था। परिवार का आरोप है कि वह एकंगरसराय में लड़की के परिजनों के संपर्क में था और बातचीत के जरिए उसे वहां बुलाया गया। इसके बाद उसकी हत्या किए जाने की आशंका परिवार ने जताई है। पुलिस के अनुसार, शिवम का मोबाइल 14 सितंबर की रात करीब 8 बजे से बंद था। परिवार की ओर से उस समय तक गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई थी।
यह भी पढ़ें: Sumitra Kachhap Death: बेटे को जन्म देने के 24 घंटे बाद महिला दारोगा की मौत, इलाज में लापरवाही का आरोप
मोबाइल से हुई शव की पहचान, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक, शुरुआत में नहर में अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली थी। मृतक की जेब से मोबाइल बरामद हुआ, लेकिन पानी में भीगने के कारण वह बंद था। एफएसएल टीम की मौजूदगी में मोबाइल का सिम दूसरे फोन में लगाया गया। इसके बाद हिलसा के एक अधिवक्ता का नंबर सामने आया, जिसके आधार पर पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया और शव की पहचान हो सकी। तेल्हाड़ा थानाध्यक्ष अजीत कुमार टिंकू ने बताया कि युवक के मोबाइल के 14 सितंबर की रात करीब 8 बजे बंद होने की जानकारी मिली है। उन्होंने यह भी बताया कि शव के सिर पर चोट का निशान देखा गया है। फिलहाल पुलिस परिजनों के लिखित आवेदन का इंतजार कर रही है। पुलिस का कहना है कि आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि शिवम की मौत किन परिस्थितियों में हुई और परिजनों की ओर से लगाए गए हत्या के आरोपों में कितनी सच्चाई है।






















