निरसा: निरसा के पंडरा मोड़ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में गुरुवार को एक दिवसीय स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन निरसा विधायक अरूप चटर्जी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी मृणाल श्रीवास्तव एवं पूर्व मुखिया रबीन्द्रनाथ धीवर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। स्वास्थ्य मेले का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को एक ही स्थान पर बेहतर और सुलभ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था।
स्वास्थ्य मेले में ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विभागों के काउंटर लगाए गए थे, जहां लोगों को स्वास्थ्य से जुड़ी कई प्रकार की सेवाएं प्रदान की गईं। विशेष रूप से आयुष्मान कार्ड निर्माण और नेत्र जांच काउंटर पर लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली।
पूरे निरसा क्षेत्र से करीब 1000 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य मेले में भाग लिया और मुफ्त स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श तथा आवश्यक दवाइयों का लाभ उठाया।
कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए विधायक अरूप चटर्जी ने बताया कि यह स्वास्थ्य मेला झारखंड सरकार द्वारा प्रायोजित है, जिसे धनबाद जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि निरसा में आयोजन के बाद आगामी 10 तारीख को सालुक चपड़ा में भी स्वास्थ्य मेला आयोजित किया जाएगा।
विधायक ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलती है, क्योंकि उन्हें स्वास्थ्य जांच, परामर्श और दवाइयां स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो जाती हैं। स्वास्थ्य मेले में उमड़ी भीड़ इस बात का प्रमाण है कि ऐसे कार्यक्रम ग्रामीणों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित हो रहे हैं।






















