निरसा: चिरकुंडा नगर परिषद क्षेत्र में लंबे समय से साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था न होने से स्थानीय नागरिकों में रोष व्याप्त है। शहर की सड़कों और वार्डों में कचरे का अंबार लगा हुआ है। महापर्व छठ के मौके पर भी नगर परिषद के सभी 21 वार्डों की सफाई नहीं की गई है, जिससे व्रतियों में नाराज़गी बढ़ती जा रही है।
स्थानीय लोगों और निवर्तमान पार्षद सुशील कुमार चंद्रवंशी का आरोप है कि नगर परिषद के अधिकारी केवल कागज़ों पर सफाई दिखा रहे हैं, जबकि जमीनी हकीकत बिल्कुल अलग है।
दूसरी ओर, नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी प्रियंका कुमारी ने दावा किया है कि छठ पर्व को लेकर सफाई अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। उनके अनुसार चिरकुंडा नदी घाट, सुंदर नगर घाट, हाउसिंग कॉलोनी तालाब और बुढ़िया खाद तालाब की सफाई के लिए विशेष अभियान चलाया गया है। साथ ही सभी वार्डों में कचरा उठाव, लाइट, पानी और बिजली की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर परिषद के दावे केवल कागजों तक सीमित हैं, क्योंकि शहर की गलियों और सड़कों पर फैली गंदगी खुद हालात बयां कर रही है। इन्हीं रास्तों से होकर छठ व्रती घाटों तक पहुंचते हैं, जिससे श्रद्धालुओं को भारी परेशानी हो रही है।






















