जमशेदपुर: जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित साईं मंदिर के पास गुरुवार देर रात पुलिस और उद्योगपति कैरव गांधी के अपहरण में शामिल अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान अपहरण कांड के मुख्य साजिशकर्ता गुड्डू सिंह समेत तीन बदमाश गोली लगने से घायल हो गए।
घायलों में गुड्डू सिंह, इमरान आलम और रमीज रजा शामिल हैं। तीनों को पैर में गोली लगी है और इलाज के लिए टाटा मेन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही थी। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि शहर छोड़ने से पहले उन्होंने सोनारी स्थित साईं मंदिर के पास झाड़ियों में हथियार छिपाकर रखे हैं। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम देर रात आरोपियों को लेकर हथियार बरामदगी के लिए मौके पर पहुंची।
बरामदगी के दौरान मुख्य साजिशकर्ता गुड्डू सिंह ने अचानक बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक दुबे के बॉडीगार्ड से कार्बाइन छीन ली और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। हालांकि इस घटना में थाना प्रभारी बाल-बाल बच गए।
स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की ओर से पांच राउंड फायरिंग की गई, जिसमें तीनों आरोपी घायल हो गए। मुठभेड़ के बाद मौके से खोखा भी बरामद किया गया है।






















