Samastipur Viral Video Fact Check: बिहार के समस्तीपुर जिले में पोखर में डूबने से एक किशोर की मौत के मामले में सोशल मीडिया पर भ्रामक खबर फैल गई। इंटरनेट मीडिया पर वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा था कि पानी में डूबे किशोर को करीब पांच घंटे बाद जिंदा बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, यह दावा गलत है। किशोर को काफी मशक्कत के बाद पानी से निकाला गया था, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
Highlights:
पांच घंटे की तलाश के बाद पानी से निकाला गया शव
घटना के बाद पोखर के आसपास सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई थी। किशोर की तलाश के लिए एसडीआरएफ और स्थानीय मछुआरों की टीम जुटी हुई थी। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद उसे पानी से बाहर निकाला गया। इसके बाद परिजन उसे लेकर अस्पताल की ओर रवाना हुए। बताया गया कि परिजन उसे ई-रिक्शा से एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसी दौरान घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। बाद में इसी वीडियो के आधार पर किशोर के जिंदा होने और इलाज के लिए ले जाए जाने की बात फैलाई जाने लगी।
सोशल मीडिया पर फैलाया गया गलत दावा
वायरल वीडियो में किशोर को जिंदा बताकर अस्पताल ले जाने का दावा किया गया। देखते ही देखते यह वीडियो कई लोगों तक पहुंच गया। जिले के अलावा आसपास के इलाकों में भी इस खबर को लेकर चर्चा होने लगी। कई लोगों ने घटना की सच्चाई जानने के लिए अपने परिचित पत्रकारों से संपर्क किया। हालांकि, घटनास्थल पर मौजूद थानाध्यक्ष अजित प्रसाद सिंह और अंचलाधिकारी आनंद शंकर ने किशोर के जिंदा निकाले जाने की पुष्टि नहीं की। पुलिस के अनुसार, किशोर को पोखर से मृत अवस्था में निकाला गया था। इसलिए सोशल मीडिया पर किया जा रहा दावा भ्रामक है।
मोबाइल से रील बनाने के दौरान हुआ हादसा
मृत किशोर की पहचान गोलू के रूप में हुई है। बताया गया कि धनतेरस के दिन उसकी मां ने उसे नया मोबाइल खरीदकर दिया था। इसके लिए करीब 50 हजार रुपये का कर्ज लिया गया था। नया मोबाइल मिलने के बाद गोलू काफी उत्साहित था। बताया गया कि नहाय-खाय के दिन वह अपना मोबाइल एक दोस्त को देकर खुद पानी के भीतर एक्शन करते हुए रील बनवा रहा था। उसे ठीक से तैरना भी नहीं आता था। इसी दौरान पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा पाने के कारण वह गहरे हिस्से में चला गया और डूब गया। उसके साथ मौजूद दोस्त को जब तक स्थिति समझ में आती, तब तक वह पानी में समा चुका था।
वायरल वीडियो की जांच कर रही साइबर पुलिस
मामले में परिजनों के आवेदन के आधार पर पुलिस ने यूडी केस दर्ज किया है। किशोर की मौत के कारणों और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो को लेकर साइबर पुलिस ने भी संज्ञान लिया है। साइबर डीएसपी दुर्गेश दीपक ने बताया कि वीडियो की जानकारी मिली है और इसकी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।






















