Railway News: पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग ने 7 सितंबर 2026 को पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के अंतर्गत डीडीयू-सोन नगर रेलखंड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलपथ, ट्रैक की स्थिति, संरक्षा से जुड़े पहलुओं के साथ अनुरक्षण और परिचालन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने रेल परिचालन में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
Highlights:
चंदौली मझवार स्टेशन पर पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा

निरीक्षण के क्रम में महाप्रबंधक चंदौली मझवार स्टेशन पहुंचे। यहां अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे स्टेशन पुनर्विकास कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया गया। उन्होंने प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज, स्टेशन परिसर, परिचालन व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था और स्वच्छता सहित यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान स्टेशन पर यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं में लगातार सुधार करने पर विशेष जोर दिया गया। महाप्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पुनर्विकास से जुड़े सभी कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं।
सासाराम स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का लिया जायजा

इसके बाद डिम्पी गर्ग ने सासाराम स्टेशन का निरीक्षण किया। यहां अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की गई। उन्होंने प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज, यात्री प्रतीक्षालय, विद्युत व्यवस्था, शौचालय और स्टेशन परिसर की अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों को स्टेशन पुनर्विकास कार्यों में गुणवत्ता और यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
सोन नगर स्टेशन पर परिचालन व्यवस्था की समीक्षा
महाप्रबंधक ने सोन नगर स्टेशन पहुंचकर परिचालन और यात्री सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज, यात्री प्रतीक्षालय और रेलवे अंडरपास का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने रेलकर्मियों से संवाद भी किया और उनकी कार्यप्रणाली तथा स्टेशन की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान रेल परिचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की गई।
यह भी पढ़ें: रांची में विधायक जनार्दन पासवान के बेटे का कथित अपहरण, पुलिस ने सकुशल किया बरामद
निर्धारित समय पर पूरे हों स्टेशन पुनर्विकास के काम
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने रेल सुरक्षा, कार्यों की गुणवत्ता और यात्री सुविधाओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों को तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना सहित पूर्व मध्य रेल मुख्यालय और मंडल के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।






















