सारण शिक्षक सीट पर कई प्रत्याशियों ने दाखिल किया नामांकन
Saran Teacher Election: सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव को लेकर सोमवार को कई प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के साथ ही चुनावी गतिविधियां तेज होती नजर आ रही हैं। एनडीए और राजद समर्थित उम्मीदवारों के अलावा कई निर्दलीय प्रत्याशी भी मैदान में उतर चुके हैं। एनडीए समर्थित उम्मीदवार के तौर पर पूर्व एमएलसी स्वर्गीय केदार पांडे के पुत्र इंजीनियर आनंद पुष्कर ने नामांकन दाखिल किया। वहीं रिविलगंज प्रखंड प्रमुख राहुल राज ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पर्चा भरा। राजद समर्थित प्रत्याशी के तौर पर जयराम यादव ने भी नामांकन किया। इसके अलावा निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में रामपुकार सिन्हा, विद्यासागर विद्यार्थी और नजमुल होदा समेत कई अन्य उम्मीदवारों ने भी नामांकन पत्र दाखिल किया।
Highlights:
आनंद पुष्कर बोले- पिता के काम को आगे बढ़ाएंगे

एनडीए समर्थित उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल करने के बाद इंजीनियर आनंद पुष्कर ने कहा कि उनके पिता द्वारा शिक्षकों के हित में किए गए कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं को सदन में प्रमुखता से उठाया जाएगा। आनंद पुष्कर ने कहा कि शिक्षकों के हित में जो भी आवश्यक कार्रवाई होगी, उसे पूरी तरह से आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने शिक्षकों के वेतनमान और वित्त रहित शिक्षकों को नियमित वेतनमान दिलाने की दिशा में प्रयास जारी रखने की बात कही।
निर्दलीय राहुल राज ने केंद्रीय वेतनमान को बताया प्राथमिकता

निर्दलीय प्रत्याशी राहुल राज ने कहा कि वे सदन से बाहर रहते हुए भी शिक्षकों के अधिकार और वेतनमान के मुद्दे को लगातार उठाते रहे हैं और आगे भी उनकी आवाज बुलंद करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को केंद्रीय वेतनमान दिलाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। राहुल राज के मुताबिक बिहार के शिक्षक केंद्रीय वेतनमान से वंचित हैं, जबकि पड़ोसी राज्यों झारखंड और उत्तर प्रदेश में शिक्षकों को केंद्रीय वेतनमान मिल रहा है।
जयराम यादव बोले- सड़क से सदन तक लड़ेंगे लड़ाई

राजद समर्थित प्रत्याशी जयराम यादव ने कहा कि शिक्षकों के वेतनमान का मुद्दा उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने प्राइवेट शिक्षक, आईटीआई शिक्षक, प्राइवेट आईटीआई शिक्षक और वित्त रहित शिक्षकों को नियमित वेतनमान दिलाने के लिए प्रयास करने की बात कही। जयराम यादव ने कहा कि शिक्षकों के हित के मुद्दों को लेकर वे सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई लड़ेंगे।
यह भी पढ़ें: Bihar DGP Preeta Verma: बिहार DGP पद पर सस्पेंस बरकरार, प्रीता वर्मा का अतिरिक्त प्रभार अगले आदेश तक बढ़ा
नामांकन के साथ चुनावी मुकाबला हुआ दिलचस्प
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में एक साथ कई प्रत्याशियों के नामांकन दाखिल करने से चुनावी मुकाबला दिलचस्प होता दिख रहा है। एनडीए और राजद समर्थित उम्मीदवारों के साथ निर्दलीय प्रत्याशियों की मौजूदगी से मुकाबले में कई स्तर पर दावेदारी सामने आई है। शिक्षकों के वेतनमान, केंद्रीय वेतनमान और वित्त रहित शिक्षकों के मुद्दे इस चुनाव में प्रमुख विषय के तौर पर सामने आ रहे हैं।






















