Dhanbad ROB RUB Projects: जिले में रेलवे समपार फाटकों पर लगने वाले जाम से राहत दिलाने और आवागमन को सुरक्षित बनाने की दिशा में कार्रवाई आगे बढ़ी है। धनबाद संसदीय क्षेत्र के 9 चिह्नित रेलवे समपार फाटकों पर रोड ओवरब्रिज (ROB) और रोड अंडरब्रिज (RUB) निर्माण को लेकर रेल मंत्रालय ने विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराई है। सांसद ढुल्लू महतो की ओर से लोकसभा में नियम-377 के तहत मामला उठाए जाने के बाद रेल एवं जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना ने पत्र भेजकर विभिन्न परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी है। सांसद ढुल्लू महतो ने 21 जुलाई 2026 को लोकसभा में धनबाद के विभिन्न रेलवे फाटकों पर ROB और RUB निर्माण की आवश्यकता का मुद्दा उठाया था। रेल मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार कुछ स्थानों पर निर्माण कार्य स्वीकृत हो चुका है, जबकि कई परियोजनाओं में टेंडर, विस्तृत परियोजना रिपोर्ट और तकनीकी स्वीकृति से जुड़ी प्रक्रिया चल रही है।
Highlights:
प्रधानखंता-मानपुर रेलखंड में दो परियोजनाओं को मंजूरी
रेल मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक प्रधानखंता-मानपुर रेलखंड के समपार फाटक संख्या 14/A/T (किमी 316/42-317/02) पर रोड अंडरब्रिज निर्माण कार्य रेलवे के खर्च पर स्वीकृत किया गया है। इस परियोजना के विस्तृत अनुमान और सामान्य व्यवस्था आरेख (GAD) को भी मंजूरी मिल चुकी है। इसी रेलखंड के समपार फाटक संख्या 27/Spl/T (किमी 366/10-366/12) पर रोड ओवरब्रिज निर्माण को स्वीकृति मिल चुकी है। इसके GAD और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) को मंजूरी दी गई है। साथ ही टेंडर भी आवंटित कर दिया गया है। रेल मंत्रालय की ओर से निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किए जाने की जानकारी दी गई है। समपार फाटक संख्या 29/C/T (किमी 375/23-375/25) पर रोड अंडरब्रिज निर्माण भी स्वीकृत है। इस कार्य के लिए टेंडर आवंटित किया जा चुका है और निर्माण शुरू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
दो रेलवे फाटकों पर RUB निर्माण की प्रक्रिया जारी
रिपोर्ट के अनुसार समपार फाटक संख्या 30/C/E और 31/C/E पर भी रोड अंडरब्रिज का निर्माण रेलवे के खर्च पर स्वीकृत किया गया है। ये दोनों फाटक क्रमशः किमी 378/11-378/13 और 382/7-382/9 पर स्थित हैं। इन परियोजनाओं के सामान्य व्यवस्था आरेख (GAD) और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने की प्रक्रिया प्रगति पर है। वहीं, प्रधानखंता-मानपुर रेलखंड के किमी 354/13-354/15 स्थित गैर-समपार फाटक पर रोड ओवरब्रिज निर्माण को भी रेलवे के खर्च पर स्वीकृति दी गई है। इस परियोजना के लिए टेंडर आवंटन की प्रक्रिया जारी है।
कटारासगढ़-निचितपुर और धनबाद-चंद्रपुरा में NHAI की भूमिका
रेल मंत्रालय की जानकारी के मुताबिक समपार फाटक संख्या 3/Spl/3E और 7/Spl/3T पर रोड ओवरब्रिज निर्माण भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की ओर से प्रस्तावित है। इनमें पहला फाटक कटारासगढ़-निचितपुर रेलखंड के किमी 0/15-0/16 पर और दूसरा धनबाद-चंद्रपुरा रेलखंड के किमी 16/45-16/47 पर स्थित है। दोनों परियोजनाओं की स्वीकृति की प्रक्रिया चल रही है। इसके अलावा धनबाद-चंद्रपुरा रेलखंड के किमी 21/14-21/16 स्थित समपार फाटक संख्या 8/Spl/3T पर भी ROB निर्माण की योजना है। यह कार्य पहले स्वीकृत किया गया था, लेकिन 15 जून 2017 को रेलवे ट्रैक के पास भूमिगत आग लगने के कारण रेलखंड बंद होने से निर्माण रोक दिया गया था। फिलहाल इस परियोजना के लिए तकनीकी व्यवहार्यता रिपोर्ट (TFR) और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने की प्रक्रिया विचाराधीन है।
यह भी पढ़ें: Anant Singh Surrender December 1: सुप्रीम कोर्ट से झटका लगने के बाद अनंत सिंह का ऐलान, 1 दिसंबर को करेंगे सरेंडर
दो रेलवे फाटकों के चौड़ीकरण का प्रस्ताव भी शामिल
रेल मंत्रालय की रिपोर्ट में तत्काल राहत के उद्देश्य से समपार फाटक संख्या 3/Spl/3E और 7/Spl/3T के चौड़ीकरण का प्रस्ताव भी शामिल है। ये दोनों फाटक क्रमशः कटारासगढ़-निचितपुर और धनबाद-चंद्रपुरा रेलखंड में हैं। इनके चौड़ीकरण की स्वीकृति के लिए प्रक्रिया चल रही है। सांसद ढुल्लू महतो ने कहा कि धनबाद के रेलवे समपार फाटकों पर लगने वाला जाम आम लोगों, विद्यार्थियों, मरीजों, नौकरीपेशा लोगों और दैनिक यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बनता है। ROB और RUB बनने से लोगों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि लोकसभा में इस मुद्दे को उठाने के बाद रेल मंत्रालय की ओर से उपलब्ध कराई गई रिपोर्ट से विभिन्न परियोजनाओं की स्थिति स्पष्ट हुई है। जिन परियोजनाओं को स्वीकृति मिल चुकी है, उनका निर्माण शीघ्र शुरू कराया जाना चाहिए। वहीं, जिन स्थानों पर तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रिया जारी है, वहां भी कार्रवाई में तेजी लाने की जरूरत है। सांसद ने सभी परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की मांग की, ताकि धनबाद की जनता को रेलवे फाटकों पर लगने वाले जाम से स्थायी राहत मिल सके।






















