Jharia Food Department Raid, धनबाद: दीपावली से पहले मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार को झरिया थाना क्षेत्र के फतेहपुर रोड स्थित एक कारखाने में छापेमारी कर विभागीय टीम ने 210 किलोग्राम रंगीन बताशा और 150 किलोग्राम संदिग्ध मिलावटी सेवई बरामद की। अधिकारियों के अनुसार, कारखाना बिना वैध लाइसेंस के संचालित किया जा रहा था। खाद्य पदार्थों में प्रतिबंधित रंगों के इस्तेमाल की बात भी सामने आई है।
Highlights:
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. राजा कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के बाद इलाके में हलचल मच गई। विभाग को सूचना मिली थी कि फतेहपुर गली में अवैध रूप से खाद्य सामग्री तैयार करने का काम किया जा रहा है। इसी सूचना के आधार पर टीम ने अचानक कारखाने में पहुंचकर जांच की।
दीपावली के बाजार में खपाने की थी तैयारी
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. राजा कुमार ने बताया कि छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में रंगीन बताशा और सेवई बरामद की गई। प्रारंभिक जांच में खाद्य पदार्थों में प्रतिबंधित रंगों के इस्तेमाल की आशंका सामने आई। अधिकारियों के मुताबिक, बरामद बताशों को दीपावली के दौरान बाजार में बिक्री के लिए भेजने की तैयारी थी।
विभागीय जानकारी के अनुसार, संबंधित कारखाने से धनबाद जिले के विभिन्न इलाकों में खाद्य सामग्री की आपूर्ति किए जाने की बात भी सामने आई है। अब विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि यहां तैयार सामग्री किन दुकानों और बाजारों तक पहुंचाई गई है।

बिना लाइसेंस चल रहा था कारखाना
जांच के दौरान कारखाने के संचालन के लिए वैध खाद्य लाइसेंस नहीं होने की बात सामने आई। खाद्य सुरक्षा विभाग इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की कार्रवाई कर रहा है। अधिकारियों ने बताया कि जब्त खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए रांची भेजे जाएंगे। प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

360 किलो खाद्य सामग्री को सील कर सुरक्षित रखा
छापेमारी के दौरान बरामद 210 किलो रंगीन बताशा और 150 किलो सेवई को कारखाने के एक कमरे में रखकर सील कर दिया गया है। नमूनों की जांच से यह स्पष्ट हो सकेगा कि खाद्य सामग्री में किस प्रकार के रंग या अन्य मिलावट का इस्तेमाल किया गया था।
जांच रिपोर्ट और आगे की कार्रवाई के आधार पर कारखाना संचालक की जिम्मेदारी तय की जाएगी। विभाग यह भी पता लगाने का प्रयास करेगा कि तैयार सामग्री की आपूर्ति कहां-कहां की गई थी।
मिलावट की सूचना देने की विभाग की अपील
गौरतलब है कि धनबाद उपायुक्त के निर्देश पर जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों और प्रतिबंधित रंगों के इस्तेमाल के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने लोगों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान मिठाई और अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता पर ध्यान दें। कहीं भी मिलावट या खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की जानकारी मिलने पर विभाग को सूचित करें।
इस छापेमारी अभियान में सेफ्टी ऑफिसर चंदन कुमार साव, चंद्रदेव मंजू और नैना कुमार नायक भी शामिल थे। खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. राजा कुमार ने कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि मिलावट के मामलों में विभाग की जांच और कार्रवाई जारी रहेगी।






















