Jharkhand Topper Award 2026, रांची: झारखंड के मेधावी विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। वर्ष 2026 में जैक, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड की 10वीं एवं 12वीं की परीक्षा में स्टेट टॉपर रहे विद्यार्थियों को राज्य सरकार सम्मानित करेगी। 15 नवंबर को झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने हाथों से चयनित विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान करेंगे। सम्मान के रूप में नकद राशि के साथ लैपटॉप, मोबाइल और प्रशस्ति पत्र दिए जाएंगे।
Highlights:
शिक्षा विभाग के अनुसार, इस समारोह में विभिन्न बोर्ड परीक्षाओं के टॉपर्स के अलावा प्रतियोगिता परीक्षाओं में सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा। कुल 235 विद्यार्थियों को पुरस्कृत करने की तैयारी है। इस संबंध में झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के निदेशक ने सभी जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारियों को पत्र जारी कर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
स्टेट टॉपर्स को मिलेंगे तीन, दो और एक लाख रुपये
जैक, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड की 10वीं और 12वीं परीक्षा में प्रथम तीन स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार दिया जाएगा। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को तीन लाख रुपये, दूसरे स्थान पर रहने वाले को दो लाख रुपये और तीसरे स्थान के विद्यार्थी को एक लाख रुपये मिलेंगे।
नकद पुरस्कार के अलावा चयनित विद्यार्थियों को लैपटॉप और मोबाइल भी प्रदान किए जाएंगे। इस बार सीबीएसई 12वीं के वोकेशनल संकाय के टॉपर्स को भी सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है। तीनों बोर्ड को मिलाकर कुल 80 विद्यार्थियों को पुरस्कार दिया जाएगा।
सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के 12 टॉपर्स भी होंगे सम्मानित
स्थापना दिवस समारोह में सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा। इन स्कूलों की 10वीं और 12वीं कक्षा के टॉपर्स को मिलाकर कुल 12 विद्यार्थियों का चयन किया गया है। इन्हें लैपटॉप और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
इसके साथ ही राज्य सरकार की आकांक्षा कोचिंग योजना के तहत पढ़ाई कर प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों को भी मंच पर सम्मानित किया जाएगा।
जेईई, नीट और क्लैट में सफल विद्यार्थियों को मिलेगा पुरस्कार
प्रतियोगिता परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी इस बार स्थापना दिवस समारोह में सम्मानित किया जाएगा। आकांक्षा कोचिंग के कुल 50 विद्यार्थियों को पुरस्कार देने की तैयारी है। इनमें जेईई में सफल 35 और नीट में सफलता प्राप्त करने वाले 12 विद्यार्थी शामिल हैं। क्लैट में सफल विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य बोर्ड परीक्षाओं के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाना और उनकी उपलब्धियों को पहचान देना है।
1.46 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि, 226 लैपटॉप बांटे जाएंगे
शिक्षा विभाग के अनुसार, समारोह में कुल 235 विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके लिए 1.46 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। विद्यार्थियों के बीच 226 लैपटॉप, 80 मोबाइल और नौ टैबलेट भी वितरित किए जाएंगे।
पुरस्कार वितरण की तैयारियों को लेकर शिक्षा विभाग ने सभी जिलों को चयनित विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। जिला स्तर पर विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से संपर्क कर समारोह में शामिल होने की व्यवस्था की जाएगी।
13 नवंबर तक देनी होगी उपस्थिति की जानकारी
झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के निदेशक ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि समारोह में शामिल होने वाले विद्यार्थियों की जानकारी 13 नवंबर तक उपलब्ध कराई जाए। यदि कोई चयनित विद्यार्थी किसी कारणवश समारोह में उपस्थित नहीं हो पाता है, तो ऐसी स्थिति में उसके माता-पिता कार्यक्रम में शामिल हो सकेंगे।
शिक्षा विभाग ने जिलों को चयनित विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के साथ समन्वय स्थापित कर समय पर सभी तैयारियां पूरी करने को कहा है। अब विद्यार्थियों और उनके परिवारों की नजर 15 नवंबर को होने वाले सम्मान समारोह पर है।






















