Babulal Marandi Bulletproof Car: झारखंड में पूर्व मुख्यमंत्रियों की सुरक्षा व्यवस्था और सरकारी वाहनों की स्थिति को लेकर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने अपनी सुरक्षा के लिए राज्य सरकार की ओर से उपलब्ध कराई गई 13 साल पुरानी बुलेटप्रूफ सफारी गाड़ी वापस कर दी है। सोमवार को वह इसी के बाद अपने निजी वाहन थार से जमशेदपुर रवाना हुए। मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर वाहन लौटाने की जानकारी दी है। साथ ही पूर्व मुख्यमंत्रियों की सुरक्षा में इस्तेमाल हो रहे वाहनों की स्थिति पर सवाल उठाते हुए जवाबदेही तय करने की मांग की है।
Highlights:
पहले भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर दी थी जानकारी
बाबूलाल मरांडी ने अपने पत्र में कहा है कि उन्होंने 21 मार्च 2026 को ही मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर बुलेटप्रूफ गाड़ी की खराब हालत से अवगत कराया था। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि वाहन बार-बार खराब हो रहा था, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई थी। शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होने पर उन्होंने गाड़ी सरकार को लौटाने का फैसला लिया।
सुरक्षा में तैनात जवानों की जिप्सियां भी जर्जर
मरांडी ने अपनी सुरक्षा में तैनात जवानों के वाहनों की स्थिति पर भी चिंता जताई है। उनके अनुसार, जवानों के इस्तेमाल के लिए उपलब्ध तीन जिप्सियां भी काफी पुरानी और जर्जर हो चुकी हैं। ये वाहन चार लाख किलोमीटर से अधिक चल चुके हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में डीजीपी, आईजी प्रोविजन और गृह सचिव को कई बार शिकायत की गई, लेकिन स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया।
वाहन बदलने से रोकने के पीछे किसका आदेश?
पूर्व मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया है कि आखिर किसके निर्देश पर सुरक्षा वाहनों को बदलने की प्रक्रिया रोकी जा रही है। उन्होंने पूछा कि अधिकारी किसके नाम पर निर्णय टाल रहे हैं। मरांडी ने पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के सुरक्षा वाहनों की स्थिति का भी उल्लेख किया। उन्होंने छह नवंबर को चौका के पास अर्जुन मुंडा के काफिले के एक वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना का हवाला देते हुए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जरूरत बताई।
मुख्यमंत्री को नई गाड़ियां, पूर्व मुख्यमंत्रियों को पुराने वाहन?
मरांडी ने अपने पत्र में मुख्यमंत्री के लिए नए वाहन उपलब्ध होने और पूर्व मुख्यमंत्रियों को पुराने वाहनों से काम चलाने की स्थिति पर सवाल उठाया है। उनका कहना है कि इस तरह का अंतर राजनीतिक दुर्भावना की आशंका पैदा करता है। उन्होंने मांग की है कि सभी पूर्व मुख्यमंत्रियों की सुरक्षा में लगे वाहनों की समान मानदंडों पर समीक्षा कराई जाए और जरूरत के अनुसार तत्काल सुरक्षित वाहन उपलब्ध कराए जाएं।
यह भी पढ़ें: Purvi Tundi Girl Body Found: पूर्वी टुंडी के जंगल में पेड़ से लटका मिला अज्ञात युवती का शव, इलाके में सनसनी
सात दिनों में कार्रवाई का लिखित ब्योरा मांगा
बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से सात दिनों के भीतर अपनी शिकायतों पर हुई कार्रवाई का लिखित ब्योरा देने की मांग की है। उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि जब हेमंत सोरेन स्वयं पूर्व मुख्यमंत्री होंगे और उन्हें ऐसी स्थिति का सामना करना पड़ेगा, तब वे सरकार से किस तरह की जवाबदेही की अपेक्षा करेंगे। अब इस मामले में राज्य सरकार की प्रतिक्रिया और आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।






















