Women’s Asian Champions Trophy 2026, सिमडेगा: भोपाल में 19 से 28 नवंबर तक आयोजित होने वाली महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के लिए हॉकी इंडिया ने भारतीय महिला हॉकी टीम की घोषणा कर दी है। 20 सदस्यीय टीम में झारखंड की तीन खिलाड़ियों को जगह मिली है। इनमें सिमडेगा की सलीमा टेटे और ब्यूटी डुंगडुंग के साथ खूंटी की निक्की प्रधान शामिल हैं। खास बात यह है कि अनुभवी मिडफील्डर सलीमा टेटे को एक बार फिर टीम की कप्तानी सौंपी गई है।
Highlights:
सलीमा टेटे संभालेंगी भारतीय टीम की कमान
घोषित टीम में सलीमा टेटे मिडफील्डर की भूमिका निभाएंगी और कप्तान के तौर पर भारतीय टीम का नेतृत्व करेंगी। वहीं, निक्की प्रधान को डिफेंडर और ब्यूटी डुंगडुंग को फॉरवर्ड की जिम्मेदारी दी गई है। तीनों खिलाड़ियों के चयन से झारखंड के खेल जगत में खुशी का माहौल है।
सलीमा टेटे और ब्यूटी डुंगडुंग अंतरराष्ट्रीय हॉकी में अपने प्रदर्शन से पहचान बना चुकी हैं। निक्की प्रधान भी लंबे समय से भारतीय महिला हॉकी टीम का हिस्सा रही हैं। तीनों का चयन राज्य में हॉकी की मजबूत प्रतिभा और परंपरा को दर्शाता है।
घरेलू मैदान पर खिताब बचाने उतरेगा भारत
भारतीय महिला हॉकी टीम इस प्रतियोगिता में मौजूदा चैंपियन के रूप में उतरेगी। भारत अब तक तीन बार एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीत चुका है। घरेलू मैदान पर टीम की कोशिश एक बार फिर ट्रॉफी अपने नाम करने की होगी।
19 नवंबर को मलेशिया से होगा पहला मुकाबला
भोपाल में होने वाली इस प्रतियोगिता में भारत के अलावा चीन, जापान, मलेशिया, थाईलैंड और दक्षिण कोरिया की टीमें हिस्सा लेंगी। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 19 नवंबर को मलेशिया के खिलाफ करेगी।
इसके बाद 21 नवंबर को दक्षिण कोरिया, 22 नवंबर को थाईलैंड, 24 नवंबर को चीन और 25 नवंबर को जापान से मुकाबला होगा। प्रतियोगिता के सेमीफाइनल 27 नवंबर को खेले जाएंगे, जबकि 28 नवंबर को पदक मुकाबले होंगे।
झारखंड के हॉकी जगत में खुशी
भारतीय टीम में झारखंड की तीन खिलाड़ियों के चयन पर हॉकी सिमडेगा और हॉकी झारखंड के पदाधिकारियों ने प्रसन्नता जताई है। उन्होंने सलीमा टेटे, ब्यूटी डुंगडुंग और निक्की प्रधान सहित भारतीय टीम के सभी खिलाड़ियों को बधाई दी है। साथ ही प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी हैं। अब झारखंड के हॉकी प्रेमियों की नजरें इन तीनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेंगी।






















